कन्नौज में तेज रफ्तार थार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत; एक गंभीर
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास देर रात हादसा हुआ। बाइक पर सवार चार लोगों में से तीन की मौके पर मौत हो गई, जबकि घायल युवक को हायर सेंटर रेफर किया गया।
जिले में देर रात तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कचाटीपुर गांव स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास हुआ। टक्कर के बाद थार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के अगौस गांव निवासी मनीष कुमार (28), वेद प्रकाश (50), विजय (35) और आशीष (24) एक ही बाइक पर सवार होकर इंदरगढ़ की ओर जा रहे थे। सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास उनकी बाइक पहुंची, तभी सामने से कथित तौर पर गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में विजय, वेद प्रकाश और मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्ष विवरण के अनुसार, टक्कर के बाद थार चालक ने वाहन मोड़ा और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से मृतकों तथा घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घायल आशीष की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
तीनों युवकों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल तथा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के नहीं पहुंचने को लेकर कुछ ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। पुलिस ने मृतकों के शव मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाए हैं और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: सुरजीत कुशवाहा
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।