रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

कानपुर में आईटीआई और कौशल विकास योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, निर्माण कार्यों और लंबित प्रमाणपत्रों की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।

कानपुर में आईटीआई और कौशल विकास योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

जिले में संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की योजनाओं की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने समीक्षा बैठक की। नवीन सभागार में हुई बैठक में आईटीआई के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों, प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रमाणपत्र वितरण और प्रशिक्षित युवाओं के सेवायोजन की स्थिति पर चर्चा की गई।

बैठक में राजकीय आईटीआई पांडु नगर में तैयार आईटी लैब, वर्कशॉप और कक्षाओं के हस्तांतरण की स्थिति की समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिला टास्क फोर्स समिति के निरीक्षण में मिली कमियों को कार्यदायी संस्था दूर करा रही है। काम पूरा होने के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। फायर सेफ्टी सहित जरूरी प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

राजकीय आईटीआई में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि कार्यदायी संस्था को आवंटित धनराशि के उपयोगिता प्रमाणपत्र निदेशालय को भेज दिए गए हैं।

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत संचालित प्रशिक्षण केंद्रों की समीक्षा में बताया गया कि दो केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और प्रशिक्षणार्थियों से फीडबैक लेने को कहा। साथ ही प्रशिक्षण प्रदाताओं की ओर से दी जाने वाली अध्ययन सामग्री और यूनिफॉर्म के वितरण का सत्यापन कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार पाठ्यक्रम चुनने और निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों को दो सेट यूनिफॉर्म और अध्ययन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। प्रशिक्षण के दौरान आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाती है। वहीं, ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध है।

जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने प्रशिक्षण प्रदाताओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कम से कम 70 प्रतिशत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 में पूरे हो चुके प्रशिक्षण बैचों के लंबित असेसमेंट और प्रमाणीकरण की स्थिति भी देखी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में कौशल विकास मिशन मुख्यालय को पत्र भेजा गया है। जिलाधिकारी ने लंबित असेसमेंट और प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार पाने में सुविधा हो सके।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें