रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

रायबरेली: नया पुरवा से विकास भवन क्यों पहुंचा पावर हाउस का निर्माण? टेंडर के बाद स्थान बदलने पर उठे सवाल

नया पुरवा में प्रस्तावित 33/11 केवी उपकेंद्र का करीब 25 प्रतिशत काम होने के बाद निर्माण सामग्री विकास भवन परिसर पहुंचा दी गई। स्थानीय लोग जमीन के विवाद और स्थान बदलने के फैसले की जांच की मांग कर रहे हैं।

रायबरेली: नया पुरवा से विकास भवन क्यों पहुंचा पावर हाउस का निर्माण? टेंडर के बाद स्थान बदलने पर उठे सवाल

शहर कोतवाली क्षेत्र के नया पुरवा में करीब पांच हजार लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति और लो-वोल्टेज की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित पावर हाउस का निर्माण अब विकास भवन परिसर में कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल बदलने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नया पुरवा में बाउंड्रीवॉल की खुदाई, बोरिंग और अन्य शुरुआती काम शुरू होने के बाद करीब 25 प्रतिशत निर्माण हो चुका था। इसके बावजूद काम रोककर निर्माण सामग्री दूसरी जगह पहुंचा दी गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे इस मामले को लेकर चर्चा हुई। मोहम्मद सलीम, साहबान और सोनू सहित अन्य लोगों ने सवाल उठाया कि जब नया पुरवा में निर्माण कार्य शुरू हो चुका था, तो उसे अचानक क्यों रोक दिया गया? उनका कहना है कि यहां पावर हाउस बनने से आसपास के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति में राहत मिल सकती थी।

जमीन के स्वामित्व को लेकर भी सवाल

स्थानीय लोगों ने उस जमीन को लेकर भी सवाल उठाए, जहां पावर हाउस का निर्माण प्रस्तावित था। उनका कहना है कि जिस भूमि पर लंबे समय से कूड़ा-करकट और घूरा डाला जाता रहा, वहां पहले कॉलेज प्रशासन ने छात्रावास या अन्य शैक्षणिक निर्माण क्यों नहीं कराया? बिजली विभाग की ओर से काम शुरू होने के बाद विरोध क्यों सामने आया?

लोगों ने फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज प्रशासन पर निर्माण का विरोध करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कॉलेज प्रशासन स्वयं भी जमीन पर निर्माण नहीं करा रहा और बिजली विभाग के काम में भी बाधा डाल रहा है। स्थानीय लोगों ने जमीन के वास्तविक स्वामित्व की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

टेंडर प्रक्रिया के बाद स्थान बदलने पर सवाल

मामले में बिजली विभाग के 11 जून 2024 को जारी शुद्धि पत्र का भी उल्लेख किया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता, विद्युत जानपद मंडल-प्रथम की ओर से जारी इस दस्तावेज में स्थान डिग्री कॉलेज चौराहा, रायबरेली दर्ज है। 33/11 केवी उपकेंद्र के निर्माण के लिए ई-निविदा संख्या 313 के तहत प्रक्रिया शुरू की गई थी। निविदा पहली बार 8 अप्रैल 2024 को अपलोड की गई और बाद में दोबारा आमंत्रित की गई।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि जमीन को लेकर न्यायालय में विवाद था, तो निविदा प्रक्रिया और निर्माण शुरू होने से पहले इसकी स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की गई? उनका कहना है कि निर्माण शुरू होने के बाद स्थान बदलने से परियोजना की प्रक्रिया और निर्णय लेने वाले अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अधिकारियों के जवाब से नहीं हुआ स्थिति स्पष्ट

इस संबंध में अधीक्षण अभियंता से बातचीत की गई तो उन्होंने जमीन को लेकर न्यायालय में विवाद होने की बात कही। हालांकि, विवाद किन पक्षों के बीच है और मुकदमे की प्रकृति क्या है, इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

वहीं, एडीएम वित्त एवं राजस्व ने पावर हाउस निर्माण के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया। ऐसे में स्थानीय लोग जानना चाहते हैं कि परियोजना का स्थान बदलने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया, इसकी अनुमति किस अधिकारी ने दी और निर्माण सामग्री हटाने का आदेश किन आधारों पर जारी हुआ।

फिलहाल नया पुरवा के लोगों ने जमीन के स्वामित्व, न्यायालय में चल रहे विवाद और निर्माण स्थल बदलने के फैसले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि विभाग और प्रशासन को पूरे मामले में स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि प्रस्तावित पावर हाउस का निर्माण मूल स्थान पर क्यों नहीं हो सका।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें