रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

महराजगंज की बाबा घिसियावन दास कुटी में धूमधाम से मनाई गई गोवर्धन पूजा, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

रायबरेली के गंगापुर खेखरुआ स्थित प्रसिद्ध बाबा घिसियावन दास कुटी में गोवर्धन पूजा पर विधि-विधान से पूजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज के दर्शन कर छप्पन भोग का प्रसाद ग्रहण किया।

महराजगंज की बाबा घिसियावन दास कुटी में धूमधाम से मनाई गई गोवर्धन पूजा, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

महराजगंज क्षेत्र के गंगापुर खेखरुआ स्थित प्रसिद्ध बाबा घिसियावन दास कुटी में दीपावली के तीसरे दिन गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने भगवान गिरिराज महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया।

प्राचीन धार्मिक परंपरा के अनुसार, गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन की प्रतिमा तैयार की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न हुई। कुटी के महंत श्री राम बच्चन दास जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और गिरिराज महाराज को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया। इस दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

पूजा के बाद कुटी परिसर में भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दिनभर भजन-कीर्तन और 'गिरिराज धरण की जय' के जयकारे गूंजते रहे। आयोजन के लिए कुटी परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था।

कुटी के पुराने सेवादार भानू प्रताप ने बताया कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुसार स्थानीय लोग मिल-जुलकर आयोजन में सहयोग करते हैं।

दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान कुटी परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और भंडारे में शामिल होकर गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें