रायबरेली: भुइयां रानी मंदिर के पास मारपीट मामले में छह आरोपी गिरफ्तार, बांका और चार लाठियां बरामद
नसीराबाद के आलमपुर गांव में 6 नवंबर को मंदिर के पुजारी और बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों के साथ मारपीट हुई थी। पुलिस ने 8 नवंबर को छह वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना नसीराबाद क्षेत्र के आलमपुर गांव स्थित भुइयां रानी मंदिर के पास हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने छह वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बांका और चार बांस की लाठियां बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 6 नवंबर को मंदिर परिसर के आसपास हुई थी। पशुओं को चराने और वहां मांस, मुर्गी, बकरी तथा घरेलू कूड़ा-कचरा डालने को लेकर विवाद हुआ था। मंदिर के पुजारी कमलेश दास ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने पुजारी के साथ लाठी-डंडों और धारदार हथियार से मारपीट की।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे शारदा बक्श सिंह सहित अन्य ग्रामीण भी घायल हो गए थे। इस मामले में शारदा बक्श सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 10 नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 149/2026 दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 नवंबर को नसीराबाद पुलिस ने हनुमान मंदिर मोड़ के पास से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सरवर उर्फ झुंडी उर्फ इरफान, रहिस, असलम उर्फ बाबा, महफूज उर्फ रोहित, रहीस उर्फ जहीर और अल्ताफ के रूप में हुई है। सभी आरोपी पूरे मोती सिंह मजरे आलमपुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।