खेत में पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबकर 35 वर्षीय युवक की मौत
रायबरेली के परशदेपुर-अठेहा मार्ग पर निनावां पानी की टंकी के पास रविवार रात हादसा हुआ। मृतक अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं।
परशदेपुर चौकी क्षेत्र में रविवार रात ट्रैक्टर पलटने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा परशदेपुर-अठेहा मार्ग पर निनावां पानी की टंकी के पास हुआ। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के खेत में पलट गया, जिससे युवक उसके नीचे दब गया।
मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे सरदार, ननौती निवासी सौरभ सिंह उर्फ मंगल (35) पुत्र बृजेश कुमार सिंह उर्फ मन्ना के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार रात ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। उसके नीचे दबने से सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। खेत में पलटे ट्रैक्टर के नीचे युवक को दबा देखकर मौके पर भीड़ जुट गई। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सौरभ की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। पिता की अचानक मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।