रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

यूपी में 28 IPS अधिकारियों की नई तैनाती, लक्ष्मी सिंह गाजियाबाद तो जे. रविंदर गौड़ बने नोएडा के पुलिस कमिश्नर

उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मोहित अग्रवाल को प्रयागराज, किरण एस. को वाराणसी और लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद की जिम्मेदारी मिली है। तीन अधिकारियों के पुराने तबादले भी निरस्त किए गए हैं।

यूपी में 28 IPS अधिकारियों की नई तैनाती, लक्ष्मी सिंह गाजियाबाद तो जे. रविंदर गौड़ बने नोएडा के पुलिस कमिश्नर

उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में शुक्रवार, 27 नवंबर को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 28 आईपीएस अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस बदलाव में प्रयागराज, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नरों के पदों पर बदलाव हुआ है। इसके अलावा एडीजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी स्तर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस फेरबदल में सबसे प्रमुख बदलाव गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में हुआ है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज भेजा गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना के पद पर लखनऊ में तैनाती दी गई है। लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

लखनऊ और बरेली जोन में भी बदलाव -

एडीजी स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का एडीजी बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है।

डीआईजी स्तर पर प्रभाकर चौधरी को अलीगढ़ परिक्षेत्र से लखनऊ परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह को सहारनपुर से आगरा और शैलेश कुमार पाण्डेय को आगरा से अलीगढ़ परिक्षेत्र भेजा गया है। आशीष तिवारी को तकनीकी सेवाओं से हटाकर सहारनपुर परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है।

अयोध्या और मुरादाबाद के SSP भी बदले -

जिलों में भी पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है। अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी रहीं सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।

PAC और अन्य पुलिस इकाइयों में नई तैनाती -

पीएसी वाहिनियों और अन्य पुलिस इकाइयों में तैनात अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आकाश तोमर को डॉ. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद का एसपी बनाया गया है। अमित कुमार-I को ईओडब्ल्यू, लखनऊ में एसपी की जिम्मेदारी मिली है।

नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर, डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय और राजेश कुमार श्रीवास्तव को अभिसूचना मुख्यालय, लखनऊ में एसपी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा सुशील कुमार शुक्ला को पीटीएस गोरखपुर और अजीत कुमार सिन्हा को यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ में एसपी बनाया गया है।

कानपुर और प्रयागराज कमिश्नरेट में भी बदलाव -

कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी रहे दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर में डीसीपी रहे कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है।

प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी रहीं प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का सेनानायक नियुक्त किया गया है।

तीन अधिकारियों के पुराने तबादले निरस्त -

नई सूची में तीन अधिकारियों के पहले जारी किए गए स्थानांतरण आदेश भी निरस्त किए गए हैं। पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त, गाजियाबाद; नीतू को अपर पुलिस उपायुक्त, लखनऊ और अमित कुमावत को अपर पुलिस उपायुक्त, आगरा की जिम्मेदारी दी गई है।

इस तरह प्रदेश के कई प्रमुख पुलिस कमिश्नरेट, रेंज, जोन, जिलों और विशेष पुलिस इकाइयों में नई तैनाती की गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस विभाग की विभिन्न इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें