शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
यूपी में ग्राम प्रधानों का प्रशासक कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

दिल्ली की गफ्फार मार्केट में दुकानों में लगी आग, कई दुकानें जलकर हुई खाक

करोल बाग की चेन वाली गली में आग लगने से दुकानों में रखा सामान जल गया। दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी रहीं। शुरुआती जांच में बैटरी गर्म होने या ओवरचार्जिंग की आशंका जताई गई है।

दिल्ली की गफ्फार मार्केट में दुकानों में लगी आग, कई दुकानें जलकर हुई खाक

दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली में एक दुकान में आग लगने से आसपास की कई दुकानें प्रभावित हुईं। आग से दुकानों में रखा सामान और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग के मुताबिक, अब तक किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

दमकल विभाग के उप मुख्य अधिकारी एमके चट्टोपाध्याय ने बताया कि विभाग को रात करीब 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर की एक या दो दुकानों से शुरू हुई और धीरे-धीरे ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। इमारत में मोबाइल एक्सेसरीज और क्रॉकरी की दुकानें हैं।

उन्होंने बताया कि इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलें हैं। हर मंजिल पर करीब 14 से 15 दुकानें हैं। इमारत में हवा आने-जाने की उचित व्यवस्था नहीं है और बाहर निकलने के लिए केवल एक सीढ़ी है। इस वजह से आग बुझाने में दमकलकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दमकल अधिकारी के अनुसार, आग बुझाने के दौरान इमारत के अंदर काफी गर्मी थी और धुआं लगातार निकल रहा था। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे थे। उस समय उन्होंने उम्मीद जताई थी कि अगले दो से तीन घंटे में आग बुझाने का काम पूरा हो जाएगा। आग पूरी तरह बुझने के बाद इमारत की तलाशी ली जानी थी।

बैटरी गर्म होने से आग लगने की आशंका

दिल्ली पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में बैटरी के अधिक गर्म होने या ओवरचार्जिंग के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी जांच के लिए दमकल विभाग और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर से रिपोर्ट मांगी जाएगी। इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम इमारत की जांच करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां कोई अन्य ज्वलनशील सामग्री तो मौजूद नहीं थी।

सरकार ने मुआवजे पर विचार का भरोसा दिया

भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने घटनास्थल पर पहुंचकर इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा कि आग से संपत्ति का नुकसान हुआ है, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि आग रात करीब 12:30 बजे लगी थी।

चंदोलिया ने कहा कि त्योहारों के समय कारोबारियों के लिए यह नुकसान काफी परेशानी पैदा कर सकता है। सरकार प्रभावित दुकानदारों को मुआवजा देने के मुद्दे पर चर्चा करेगी। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच भी कराई जाएगी।

उन्होंने दमकल विभाग की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर दमकल की गाड़ियां पहुंचने और प्रशासन की मौजूदगी से आग को आसपास की और इमारतों तक फैलने से रोकने में मदद मिली।

फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन और घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें