शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
यूपी में ग्राम प्रधानों का प्रशासक कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

बलिया में मंदिर चोरी के आरोप में पांच गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो घायल

रसड़ा पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बलिया और गाजीपुर के मंदिरों में चोरी की घटनाओं में शामिल थे। इनके पास से दो तमंचे, कारतूस, औजार और करीब 300 ग्राम चांदी बरामद हुई।

बलिया में मंदिर चोरी के आरोप में पांच गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो घायल

बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंदिरों में चोरी की घटनाओं के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान आरोपियों की कार रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की रात करीब 12:50 बजे लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार सवारों को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार सवारों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए।

घायल आरोपियों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका झिटकही निवासी जिशान आलम (42) और गम्हरिया खुर्द निवासी चन्द्रशेखर कुमार (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके साथ सूरज पासवान, चनशेखर कुमार और बाला लखन्दर कुमार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं।

पुजारी को बंधक बनाकर चांदी के आभूषण चोरी करने का आरोप

पुलिस पूछताछ के हवाले से बताया गया कि आरोपियों ने 30 अक्टूबर 2026 की रात लखनेश्वर डीह शिव मंदिर के पुजारी को डराकर उनके हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का नाग और नाग बाबा के ऊपर लगी चांदी की छतरी चोरी कर ली थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 11 अक्टूबर 2026 की रात गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्तियों के मुकुट भी चोरी किए थे। पुलिस का दावा है कि चोरी किए गए चांदी के सामान को गलाकर तैयार की गई करीब 300 ग्राम चांदी बरामद की गई है।

तमंचे, कारतूस और चोरी के औजार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, करीब 300 ग्राम गलायी गई चांदी, एक लोहे की रॉड, एक प्लास, एक पेचकस और टेप बरामद करने की जानकारी दी है।

घायल जिशान आलम और चन्द्रशेखर कुमार का जिला अस्पताल बलिया में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक एवं सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ यादव, रसड़ा थानाध्यक्ष कौशल पाठक और स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अजय साहनी अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें