रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की तैयारी: परिसीमन के नए विधेयक में लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव

केंद्र सरकार ने Delimitation (Second) Bill, 2026 के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या मौजूदा संख्या से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया में कई बदलाव किए गए हैं।

महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की तैयारी: परिसीमन के नए विधेयक में लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव

देश में महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने और लोकसभा तथा राज्य विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व की व्यवस्था में बदलाव की दिशा में केंद्र सरकार ने परिसीमन से जुड़ा नया विधायी प्रस्ताव सामने रखा है। Delimitation (Second) Bill, 2026 के तहत लोकसभा और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या मौजूदा संख्या से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। सरकार ने इस प्रस्ताव को संविधान के अनुच्छेद 334A के तहत महिलाओं के लिए सीटों के आरक्षण को तत्काल प्रभाव देने के उद्देश्य से जोड़ा है।

केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल के हस्ताक्षर से जारी 27 नवंबर 2026 के दस्तावेज में नए विधेयक के प्रावधानों और पहले से लंबित परिसीमन विधेयक को वापस लेने के कारणों का उल्लेख किया गया है।

पहले विधेयक की जगह आएगा नया परिसीमन विधेयक -

दस्तावेज के मुताबिक, Delimitation Bill, 2026 को 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में पेश किया गया था। इसके साथ संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 और केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 भी पेश किए गए थे। इन विधेयकों का उद्देश्य लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में सीटों के आवंटन तथा निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन के लिए परिसीमन आयोग गठित करना था।

दस्तावेज में बताया गया है कि संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पर 16 और 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में विचार किया गया, लेकिन 17 अप्रैल को इसे संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत जरूरी विशेष बहुमत नहीं मिल सका। इसके बाद इससे जुड़े परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयकों पर आगे की कार्यवाही नहीं हुई। मूल परिसीमन विधेयक लोकसभा में लंबित रहा।

सरकार का कहना है कि अब संशोधित प्रावधानों के साथ संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और नया Delimitation (Second) Bill, 2026 लाया जा रहा है। इसी कारण पहले से लंबित Delimitation Bill, 2026 को लोकसभा से वापस लेने का प्रस्ताव किया गया है। इसके लिए लोकसभा की कार्य संचालन प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के नियम 110 के खंड (b) का उल्लेख किया गया है।

लोकसभा और विधानसभाओं में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव -

नए विधेयक के सबसे महत्वपूर्ण प्रावधान के तहत संविधान (132वां संशोधन) अधिनियम, 2026 के लागू होने के बाद होने वाले पहले परिसीमन में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को आवंटित लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। इसी तरह प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की विधानसभा में कुल सीटों की संख्या भी मौजूदा संख्या से 50 प्रतिशत बढ़ाने की बात कही गई है।

दस्तावेज में स्पष्ट किया गया है कि यह बढ़ोतरी मौजूदा सीटों के अतिरिक्त होगी। सरकार के अनुसार, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में समान अनुपात से सीटें बढ़ाने का उद्देश्य देश के लोगों का समग्र प्रतिनिधित्व बढ़ाना है, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा सापेक्ष अनुपात बनाए रखना है।

इसका अर्थ है कि प्रस्तावित व्यवस्था में प्रत्येक राज्य की सीटों की संख्या बढ़ेगी, लेकिन राज्यों के बीच सीटों के वितरण का आपसी अनुपात बनाए रखने की कोशिश की जाएगी।

नवीनतम जनगणना के आंकड़ों पर होगा परिसीमन -

नए विधेयक में परिसीमन आयोग की जिम्मेदारियों और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया में भी बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं। इसमें 'जनसंख्या' की पुरानी परिभाषा हटाकर 'नवीनतम जनगणना के आंकड़ों' को परिभाषित किया गया है। इसका अर्थ होगा कि विधेयक लागू होने की तारीख तक प्रकाशित नवीनतम जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाया जाएगा।

प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सीटों का आवंटन तथा विधानसभा क्षेत्रों की संख्या का पुनर्निर्धारण विधेयक के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। वहीं, प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों में बांटने का काम नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होगा।

परिसीमन आयोग के गठन में भी बदलाव -

नए विधेयक में केंद्र सरकार को प्रस्तावित कानून लागू होने के बाद यथाशीघ्र परिसीमन आयोग गठित करने का प्रावधान किया गया है। पहले विधेयक में आयोग के गठन के लिए 'समय-समय पर' जैसी व्यवस्था का उल्लेख था, जिसे नए प्रस्ताव में बदल दिया गया है।

आयोग को लोकसभा की सीटों के आवंटन और विधानसभाओं की कुल सीटों की संख्या के पुनर्निर्धारण के साथ-साथ निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

महिला आरक्षित सीटों का आवंटन रोटेशन से -

नए विधेयक में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों के आवंटन की व्यवस्था भी शामिल की गई है। दस्तावेज के अनुसार, महिला आरक्षित सीटों का आवंटन परिसीमन आयोग द्वारा तय किए गए तरीके से रोटेशन के आधार पर किया जाएगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की प्रस्तावित बढ़ोतरी का उद्देश्य संविधान के अनुच्छेद 334A के तहत महिलाओं के लिए आरक्षण को तत्काल प्रभाव देना है। इसके लिए नए परिसीमन विधेयक में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रावधान जोड़ा गया है।

अभी प्रस्ताव है, लागू होने के लिए विधायी प्रक्रिया जरूरी -

दस्तावेज में किए गए प्रावधानों के आधार पर यह स्पष्ट है कि सरकार परिसीमन की नई व्यवस्था और महिला आरक्षण को लागू करने के लिए संशोधित विधायी ढांचा लाना चाहती है। हालांकि, सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि, परिसीमन आयोग का गठन और महिला आरक्षित सीटों का आवंटन अभी प्रस्तावित व्यवस्था का हिस्सा हैं। इन्हें लागू करने के लिए संबंधित विधेयकों को संसद की निर्धारित विधायी प्रक्रिया से गुजरना होगा।

इस प्रस्ताव के आगे बढ़ने पर लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की संरचना में बड़ा बदलाव हो सकता है। साथ ही, महिला प्रतिनिधित्व, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर भी इसका असर पड़ेगा।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें