रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

E20 पेट्रोल मामले पर कांग्रेस शासित राज्यों में सरकारें सख्त, पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण; छह नमूने लिए गए

कर्नाटक में पेट्रोल में 20 प्रतिशत से अधिक इथेनॉल मिलाने के आरोपों के बाद केरल सरकार ने भी चार जिलों में जांच शुरू की। कोच्चि के एक IOCL पंप से छह नमूने लेकर दो प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

E20 पेट्रोल मामले पर कांग्रेस शासित राज्यों में सरकारें सख्त, पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण; छह नमूने लिए गए

E20 पेट्रोल में निर्धारित मात्रा से अधिक इथेनॉल मिलाए जाने की आशंका को लेकर कांग्रेस-नेतृत्व वाली सरकारों ने जांच तेज कर दी है। कर्नाटक के बाद केरल सरकार ने भी पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण और ईंधन के नमूनों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में केरल के एर्नाकुलम जिले के चेम्बुमुक्कु स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के पेट्रोल पंप से छह एक-एक लीटर के नमूने लिए गए हैं। इनमें से दो नमूने जांच के लिए कक्कनाड स्थित एनालिटिकल केमिस्ट्री लैबोरेटरी भेजे गए हैं।

जिला नागरिक आपूर्ति अधिकारी शाजी पीआर ने बताया कि विभाग की टीम ने पेट्रोल पंप का निरीक्षण कर सामान्य पेट्रोल के छह नमूने एकत्र किए हैं। दो नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं और उनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। केरल नागरिक आपूर्ति विभाग कोच्चि सहित राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की जांच कर रहा है।

चार जिलों में जांच अभियान

केरल के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब के मुताबिक, राज्य में तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर जिलों के पेट्रोल पंपों से यादृच्छिक तरीके से नमूने लिए जा रहे हैं। सरकार ने जांच रिपोर्ट आने के लिए करीब 10 दिन का समय बताया है। मंत्री ने कहा है कि निर्धारित सीमा से अधिक इथेनॉल पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में पंप को सील करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

मंत्री के अनुसार, केरल में वाहनों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें भी मिली हैं। इसी के मद्देनजर सरकार ने पेट्रोल की गुणवत्ता और उसमें इथेनॉल की मात्रा की जांच कराने का निर्णय लिया है।

कर्नाटक में 31.2 प्रतिशत तक इथेनॉल होने का दावा

यह विवाद कर्नाटक में हुई जांच के बाद तेज हुआ। कर्नाटक सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद के अनुसार, राज्य के सात जिलों से 63 नमूने एकत्र किए गए थे। इनमें से 14 नमूनों की जांच के आधार पर 11 में निर्धारित 20 प्रतिशत से अधिक इथेनॉल होने का दावा किया गया। राज्य सरकार के अनुसार, एक नमूने में इथेनॉल की मात्रा 31.2 प्रतिशत तक पाई गई।

हालांकि, इस दावे पर केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने सवाल उठाए हैं। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सात नवंबर को जारी बयान में कहा कि कर्नाटक में किए गए परीक्षणों की सैंपलिंग प्रक्रिया और जांच पद्धति को लेकर आपत्तियां हैं। मंत्रालय के अनुसार, निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया के अनुरूप जांच के बिना 26 से 31 प्रतिशत इथेनॉल होने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकती।

केंद्र सरकार ने 893 नमूनों की जांच का दिया हवाला

पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो तथा रिटेल आउटलेट से देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 893 E20 नमूनों की जांच की गई। मंत्रालय ने दावा किया कि सभी नमूने भारतीय मानक IS 17021 के अनुरूप पाए गए और उनमें इथेनॉल की मात्रा 19 से 21 प्रतिशत के बीच थी। मंत्रालय के अनुसार, कर्नाटक से जांचे गए 56 नमूनों में भी इथेनॉल की मात्रा 19 से 20 प्रतिशत के बीच मिली।

तेल कंपनियों ने कर्नाटक सरकार की जांच में अपनाई गई प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए संयुक्त सैंपलिंग और अधिकृत प्रयोगशाला में स्वतंत्र जांच की मांग की है। कंपनियों का कहना है कि नमूने लेने, सुरक्षित रखने और परीक्षण के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन जरूरी है, ताकि जांच के नतीजों की निष्पक्ष पुष्टि हो सके।

क्या है E20 पेट्रोल?

E20 पेट्रोल में सामान्य पेट्रोल के साथ लगभग 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाया जाता है। केंद्र सरकार की इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल योजना का उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना, किसानों के लिए इथेनॉल की मांग बढ़ाना और उत्सर्जन में कमी लाना है। हालांकि, पुराने वाहनों की ईंधन दक्षता और अनुकूलता को लेकर उपभोक्ताओं के बीच सवाल उठते रहे हैं।

फिलहाल कर्नाटक में इथेनॉल की मात्रा को लेकर राज्य सरकार और केंद्र के दावों में अंतर है। केरल में भी नमूनों की जांच जारी है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित पेट्रोल पंपों पर इथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें