रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

भारत-जापान की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती, टोक्यो में 2+2 वार्ता के दौरान रक्षा, समुद्री सुरक्षा और तकनीक पर बनी सहमति

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ चौथी 2+2 बैठक की। दोनों देशों ने रक्षा सहयोग, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर दिया।

भारत-जापान की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती, टोक्यो में 2+2 वार्ता के दौरान रक्षा, समुद्री सुरक्षा और तकनीक पर बनी सहमति

भारत और जापान ने अपनी रणनीतिक एवं रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को टोक्यो में जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ चौथी भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्री स्तरीय 2+2 वार्ता में हिस्सा लिया।

करीब 90 मिनट चली इस बैठक में दोनों देशों ने बदलते वैश्विक हालात, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, रक्षा तकनीक, समुद्री सहयोग, आर्थिक सुरक्षा और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों पक्षों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां जटिल और अनिश्चित होती जा रही हैं। ऐसे में भारत और जापान के बीच रणनीतिक विश्वास और आपसी समन्वय पहले से अधिक महत्वपूर्ण है।

नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था पर जोर -

संयुक्त बयान में दोनों देशों ने ऐसी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बनाए रखने और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई, जो स्वतंत्र, खुली और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों पर आधारित हो। इसमें राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान तथा विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को महत्वपूर्ण बताया गया।

दोनों देशों ने कहा कि किसी भी देश को बल प्रयोग या उसकी धमकी के जरिए मौजूदा स्थिति को एकतरफा बदलने का प्रयास नहीं करना चाहिए। यह रुख हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री मार्गों की सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिहाज से भी अहम है।

IPOI, MAHASAGAR और जापान के FOIP के बीच सहयोग -

बैठक में भारत की इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव (IPOI) और MAHASAGAR पहल के साथ जापान की अपडेटेड 'फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक' (FOIP) रणनीति के बीच तालमेल बढ़ाने पर सहमति बनी।

भारत की MAHASAGAR पहल का पूरा नाम 'Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions' है। दोनों देशों का मानना है कि इन पहलों के बीच बेहतर समन्वय से हिंद-प्रशांत क्षेत्र को शांतिपूर्ण, समृद्ध और संकटों का सामना करने में सक्षम बनाने में मदद मिल सकती है। इस दिशा में क्वाड और अन्य समान विचारधारा वाले देशों के साथ सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

भारतीय फायरिंग रेंज में जापानी सेना के प्रशिक्षण का रास्ता -

बैठक का एक महत्वपूर्ण परिणाम रक्षा प्रशिक्षण से जुड़ा रहा। दोनों देशों ने भारतीय फायरिंग रेंज के इस्तेमाल के लिए जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स (JSDF) के साथ किए गए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) का स्वागत किया।

संयुक्त बयान के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत जापानी सेल्फ डिफेंस फोर्स भारत की फायरिंग रेंज में पहली बार लाइव-फायर प्रशिक्षण कर सकेगी। इसमें सतह से समुद्र में मार करने वाली मिसाइलों से जुड़े अभ्यास भी शामिल हो सकते हैं। दोनों देशों के रक्षा अधिकारियों को इस व्यवस्था को जल्द लागू करने के लिए आगे की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है।

इसके साथ ही भारत और जापान ने अपने सैन्य अभ्यासों का दायरा और जटिलता बढ़ाने पर सहमति जताई। भविष्य के अभ्यासों में मानवरहित प्रणालियों को शामिल करने और कम समय के नोटिस पर द्विपक्षीय तथा बहुपक्षीय अभ्यास आयोजित करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया गया।

दोनों देशों ने वायुसेनाओं के बीच बढ़ते सहयोग का भी उल्लेख किया। भारत-जापान वायुसेना अभ्यास 'वीर गार्जियन 26' के दौरान जापान के लड़ाकू विमानों ने पहली बार भारत का दौरा किया था। इसे दोनों वायुसेनाओं के बीच सहयोग के विस्तार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

UNICORN तकनीक और 'Design with Japan, Make in India' -

रक्षा उपकरणों और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी। दोनों पक्षों ने UNICORN से संबंधित व्यवस्थाओं को जल्द अंतिम रूप देने की अपेक्षा जताई। संयुक्त बयान में फरवरी 2027 तक भारत की ओर से Acceptance of Necessity (AoN) प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद भी व्यक्त की गई है।

UNICORN एकीकृत कॉम्प्लेक्स रेडियो एंटीना से जुड़ी तकनीक है। इसके हस्तांतरण और रक्षा औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देश 'Design with Japan, Make in India' के ढांचे के तहत काम करेंगे। अक्टूबर 2026 में टोक्यो में आयोजित तीसरे भारत-जापान रक्षा उद्योग मंच का भी संयुक्त बयान में स्वागत किया गया।

समुद्री सुरक्षा और नौसेनाओं के बीच सहयोग -

भारत और जापान ने समुद्री सुरक्षा सहयोग को भी प्राथमिकता दी। दोनों देशों के रक्षा अधिकारियों ने हाल ही में हस्ताक्षरित समुद्री सुरक्षा सहयोग व्यवस्था का स्वागत करते हुए भारतीय नौसेना और जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स के बीच ठोस सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

इसके तहत समुद्री और हवाई क्षेत्र की निगरानी, खोज एवं बचाव अभियान, सूचनाओं का आदान-प्रदान तथा मानवीय सहायता और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। दोनों पक्षों ने समुद्री बारूदी सुरंगों से निपटने की क्षमता मजबूत करने और नौसैनिक जहाजों के निर्माण एवं डिजाइन में संयुक्त विकास की संभावनाएं तलाशने पर भी सहमति जताई।

तटरक्षक बलों के बीच सहयोग का विस्तार भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा। भारत में फरवरी 2027 में होने वाले पांचवें कोस्ट गार्ड ग्लोबल समिट का दोनों देशों ने स्वागत किया।

साइबर सुरक्षा, AI और अंतरिक्ष में साझेदारी -

बढ़ते साइबर हमलों और महत्वपूर्ण डिजिटल ढांचे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत और जापान ने साइबर सुरक्षा सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित साइबर सुरक्षा और AI प्रणालियों की सुरक्षा भी शामिल है। दोनों देशों ने मौजूदा साइबर सुरक्षा सहयोग समझौते को नवीनीकृत करने और अगली भारत-जापान साइबर वार्ता जल्द आयोजित करने का निर्णय लिया।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में दोनों देशों ने खुद को रणनीतिक अनुसंधान एवं विकास साझेदार बताया। 'Japan-India AI Cooperation Initiative' के तहत दोनों देशों के AI इकोसिस्टम को विकसित करने और तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाने पर जोर दिया गया।

अंतरिक्ष क्षेत्र में भी सहयोग का दायरा बढ़ाने पर सहमति बनी। इसमें स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस, समुद्री निगरानी के लिए अंतरिक्ष तकनीक के उपयोग और अंतरिक्ष से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नियमों एवं मानकों पर सहयोग शामिल है।

आतंकवाद और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार का मुद्दा -

संयुक्त बयान में भारत और जापान ने आतंकवाद तथा हिंसक उग्रवाद की सभी रूपों में कड़ी निंदा की। इसमें सीमा पार आतंकवाद का भी स्पष्ट उल्लेख किया गया। दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र की सूची में शामिल आतंकवादी संगठनों, जिनमें अलकायदा, आईएसआईएस, लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद शामिल हैं, के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता जताई।

दोनों देशों ने आतंकवादियों के सुरक्षित ठिकानों को खत्म करने, आतंकवाद के वित्तपोषण पर रोक लगाने और आतंकवाद तथा संगठित अपराध के बीच गठजोड़ को समाप्त करने पर जोर दिया।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के मुद्दे पर भी भारत और जापान ने अपना समर्थन दोहराया। दोनों देशों ने परिषद की स्थायी और अस्थायी, दोनों श्रेणियों में विस्तार की वकालत की। साथ ही, एक-दूसरे की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन किया। बयान में 2028-29 और 2033-34 के लिए सुरक्षा परिषद की अस्थायी सदस्यता संबंधी उम्मीदवारी में भी पारस्परिक समर्थन का उल्लेख किया गया है।

2027 में भारत-जापान संबंधों के 75 वर्ष -

बैठक में वर्ष 2027 को भारत-जापान संबंधों के लिए विशेष अवसर के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। दोनों देश अगले वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ को पूरे साल कार्यक्रमों के माध्यम से मनाएंगे। इसके लिए 2027 को 'India-Japan Year of Shared Horizons' के रूप में मनाने पर सहमति बनी है।

दोनों पक्षों ने इस अवसर के आधिकारिक लोगो का स्वागत किया। जापान के सानो शहर में आयोजित भारत-जापान क्रिकेट मैच को भी वर्षगांठ समारोहों की शुरुआती गतिविधि के रूप में उल्लेखित किया गया। दोनों देशों का मानना है कि यह वर्ष आपसी मित्रता, समझ और जन-स्तर पर संपर्क बढ़ाने का अवसर होगा।

बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों पर नियमित विचार-विमर्श जारी रखने का संकल्प लिया। साथ ही, अगली 2+2 मंत्री स्तरीय बैठक भारत में पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तारीख पर आयोजित करने का फैसला किया गया।

कुल मिलाकर, टोक्यो में हुई चौथी 2+2 वार्ता ने भारत-जापान संबंधों को केवल कूटनीतिक संवाद तक सीमित न रखते हुए रक्षा प्रशिक्षण, समुद्री सुरक्षा, तकनीकी विकास, साइबर सुरक्षा और आर्थिक सुरक्षा जैसे व्यावहारिक क्षेत्रों में आगे बढ़ाने की दिशा तय की है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें