सरयू नदी के कटान से परेशान युवक ने बांसडीह तहसील में आत्मदाह का प्रयास किया, पुलिस ने रोका
महाराजपुर गांव को कटान से बचाने की मांग को लेकर तहसील पहुंचे वीरेंद्र यादव ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़कर कोतवाली पहुंचाया।
सरयू नदी के भीषण कटान से महाराजपुर-नाहर छपरा गांव को बचाने में कथित लापरवाही से नाराज एक युवक ने सोमवार को बांसडीह तहसील परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत तहसील पहुंचे महाराजपुर निवासी वीरेंद्र यादव ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और बाढ़ विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
वीरेंद्र यादव का आरोप है कि महाराजपुर गांव को सरयू नदी के कटान से बचाने के लिए कई बार प्रशासन और बाढ़ विभाग से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। युवक ने बताया कि उसने आत्मदाह की चेतावनी देते हुए पहले ही प्रशासन को लिखित सूचना दे दी थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर उसने यह कदम उठाया।
युवक के अनुसार, गांव को कटान से बचाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जब पदयात्रा निकाली थी, तब बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा ने एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा की मौजूदगी में 10 मड पंप लगाने और जियो ट्यूब के माध्यम से कटान रोकने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि आश्वासन के बावजूद विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इससे गांव के लोगों की चिंता और नाराजगी लगातार बढ़ती गई।
सोमवार को तहसील परिसर में पेट्रोल छिड़कते समय वीरेंद्र यादव लगातार ‘बाढ़ विभाग मुर्दाबाद’ के नारे लगाता रहा। घटना के दौरान प्रभारी निरीक्षक राजकेसर सिंह और सीओ अजय पाल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। युवक की हरकत देखते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और पुलिस जीप से कोतवाली ले गए।
गौरतलब है कि महाराजपुर गांव में सरयू नदी के लगातार कटान के चलते ग्रामीणों के सामने अपने घर और आशियाने बचाने का संकट खड़ा हो गया है। कई घर नदी की कटान की चपेट में आ चुके हैं। ऐसे में युवक के आत्मदाह के प्रयास की घटना ने एक बार फिर कटान प्रभावित ग्रामीणों की पीड़ा और बाढ़ विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों को चर्चा में ला दिया है।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले

पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।