शिरडी में गूंजी बलिया की बेटी की धाक, रितिका यादव बनीं यूपी अंडर-14 वॉलीबाल टीम की कप्तान
महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता में नरही गांव की रितिका यादव को उत्तर प्रदेश की बालिका टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
प्रतिभा और मेहनत के दम पर बलिया की बेटी रितिका यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। महाराष्ट्र के शिरडी में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की अंडर-14 बालिका टीम की कमान नरही गांव की रितिका यादव को सौंपी गई है। उनकी कप्तानी में उत्तर प्रदेश की टीम ने प्रतियोगिता के अपने पहले मुकाबले में विद्या भारती की टीम को 3-2 से हराकर शानदार आगाज किया।
विकास खंड सोहांव के नरही गांव की निवासी रितिका बेसिक शिक्षा परिषद की छात्रा हैं। खास बात यह है कि उन्होंने महज दो साल पहले ही वॉलीबाल खेलना शुरू किया था। अपने प्रशिक्षक नीरज राय के मार्गदर्शन में खेल की बारीकियां सीखने वाली रितिका ने कम समय में ही अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवा लिया। उत्तर प्रदेश की अंडर-14 टीम में चयन के बाद रितिका ने प्रयागराज में आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था। शिविर के दौरान उनके शानदार खेल प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम की कप्तानी की अहम जिम्मेदारी सौंपी। रितिका अपनी इस सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षक नीरज राय को देती हैं।
गौरतलब है कि नरही खेल मैदान से पिछले वर्ष भी आशीष राय, शीतल वर्मा, साक्षी और रिषिका यादव सहित कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। अब रितिका की इस उपलब्धि ने एक बार फिर नरही के खेल मैदान और बलिया को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। रितिका की सफलता और यूपी टीम की जीत से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के चेयरमैन अजीत कुमार राय, अध्यक्ष डॉ. कुंवर अरुण सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव, जिला व्यायाम शिक्षक विनोद कुमार सिंह सहित खेल एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।