नहर में गिरने से पूर्व सैनिक की मौत, गांव में पसरा मातम
बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में खटंगी चट्टी के पास नहर की पुलिया पर बैठे 60 वर्षीय पूर्व सैनिक अचानक पानी में गिर गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
थाना क्षेत्र के महरो गांव निवासी पूर्व सैनिक गोविंद ठाकुर (60) की शुक्रवार दोपहर नहर के पानी में गिरने से मौत हो गई। वह किसी काम से खटंगी चट्टी गए थे। वहां नहर की पुलिया पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक पानी में गिर गए।
विद्यालय से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे बच्चों की नजर नहर में गिरे गोविंद ठाकुर पर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने उन्हें नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान महरो गांव निवासी स्वर्गीय अयोध्या ठाकुर के पुत्र गोविंद ठाकुर के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है।
गोविंद ठाकुर असम राइफल्स में तैनात रहे थे। करीब 10 वर्ष पहले सेवानिवृत्त होने के बाद वह गांव लौट आए थे और परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी उमरावती देवी, चार पुत्र और एक पुत्री हैं। दो पुत्रों की शादी हो चुकी है, जबकि दो पुत्रों और पुत्री की शादी होनी बाकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोविंद ठाकुर नहर में किन परिस्थितियों में गिरे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।