कार्तिक पूर्णिमा पर बलिया में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 23-24 नवंबर को भारी वाहनों की नो एंट्री; जानें पार्किंग की पूरी व्यवस्था
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बलिया पुलिस ने यातायात योजना जारी की है। भारी, चारपहिया, दोपहिया और ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए बलिया पुलिस और यातायात विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। 23 और 24 नवंबर को गंगा नदी में स्नान करने तथा महर्षि भृगु मुनि, दर्दर मुनि और श्री बालेश्वरनाथ जी के दर्शन-पूजन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके तहत भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही छोटे-बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
बलिया पुलिस की ओर से 22 नवंबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, भारी वाहनों के लिए नो एंट्री और डायवर्जन व्यवस्था 23 नवंबर की सुबह आठ बजे से 24 नवंबर की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। वहीं, श्रद्धालुओं के बड़े वाहनों के लिए बैरियर, डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था 23 नवंबर को दोपहर तीन बजे से कार्तिक पूर्णिमा स्नान समाप्त होने तक लागू रहेगी।
भारी वाहनों के लिए पांच स्थानों पर नो एंट्री
कार्तिक पूर्णिमा के दौरान शहर में भारी वाहनों का दबाव कम करने के लिए पांच प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा।
1. दुबहड़ थाना के सामने: बैरिया की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को दुबहड़ थाने के पास रोका जाएगा। नरहीं और फेफना की तरफ जाने वाले वाहन चिरैया मोड़ से सहतवार, बांसडीह और सुखपुरा होते हुए गड़वार के त्रिकालपुर तिराहे से अपने गंतव्य तक जाएंगे।
2. बांसडीह रोड थाना के सामने: रेवती, सहतवार और बांसडीह की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को बांसडीह रोड थाने के पास रोका जाएगा। नरहीं, रसड़ा और फेफना की तरफ जाने वाले वाहन सुखपुरा और गड़वार के त्रिकालपुर तिराहे से होकर जाएंगे।
3. हनुमानगंज चौकी के सामने: सिकंदरपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को हनुमानगंज चौकी के पास रोका जाएगा। दुबहड़, हल्दी और बैरिया की तरफ जाने वाले वाहन सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होते हुए जाएंगे। वहीं नरहीं और फेफना जाने वाले वाहन सुखपुरा और गड़वार के त्रिकालपुर तिराहे से होकर गुजरेंगे।
4. फेफना तिराहा: रसड़ा और नरहीं की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को फेफना तिराहे पर रोका जाएगा। बैरिया की तरफ जाने वाले वाहन गड़वार के त्रिकालपुर तिराहे से सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होते हुए जाएंगे।
5. अगरसंडा (सनबीम स्कूल के सामने): गड़वार की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को फेफना-गड़वार मार्ग पर अगरसंडा के पास रोका जाएगा। हल्दी और बैरिया की तरफ जाने वाले वाहन त्रिकालपुर तिराहे से सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होते हुए जाएंगे।
चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर में प्रवेश करने वाले चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए भी अलग-अलग बैरियर और पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
अमृतपाली हॉलीक्रॉस स्कूल के पास: बांसडीह की तरफ से आने वाले चार पहिया और तीन पहिया वाहनों को यहीं रोक दिया जाएगा। इन वाहनों को शहर की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।
महावीर घाट: महावीर घाट चौराहे से स्नान घाट की तरफ किसी भी प्रकार के दो, तीन या चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे।
पॉलिटेक्निक तिराहा: बांसडीह, रेवती और सहतवार की तरफ से आने वाले चार पहिया और तीन पहिया वाहनों को पॉलिटेक्निक चौराहे से डायवर्ट कर मैदान में पार्क कराया जाएगा। यहां लगभग 700 से 800 वाहनों की पार्किंग क्षमता निर्धारित की गई है।
बहादुरपुर पुलिया, जनेश्वर मिश्र पार्क रोड: सिकंदरपुर, सुखपुरा और खेजुरी की तरफ से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को इस मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। यहां अलग से पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण वाहनों को जनेश्वर मिश्र पार्क रोड पर ही खड़ा कराया जाएगा।
गढ़वार रोड, सावित्री नगर कॉलोनी: नगरा और गड़वार की तरफ से आने वाले वाहनों को सावित्री नगर कॉलोनी के पास से डायवर्ट किया जाएगा। यहां सलोनी ब्यूटी पार्लर वाली गली में खाली जमीन पर लगभग 100 से 150 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
माल्देपुर मोड़ तिराहा: रसड़ा, नरहीं, चितबड़ागांव और फेफना की तरफ से आने वाले वाहनों को माल्देपुर मोड़ से डायवर्ट कर नजदीक बने पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाएगा।
पिपरा माफी ढाला: बैरिया, हल्दी और दुबहड़ की तरफ से आने वाले वाहनों को पिपरा माफी ढाला से डायवर्ट किया जाएगा। आसपास पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहनों को पिपरा माफी ढाला से जमुआ बंधे तक खड़ा कराया जाएगा।
दोपहिया वाहनों के लिए बनाए गए छह पार्किंग स्थल
दोपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें हजारों वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी।
- महुआ मोड़ मिढ्ढी: रेलवे स्टेशन के पीछे लगभग 100 से 150 दोपहिया वाहनों की पार्किंग।
- टीडी कॉलेज मैदान: सिविल लाइन चौकी के सामने लगभग 1500 से 2000 वाहनों की पार्किंग।
- काजीपुरा रेलवे क्रॉसिंग: मालगोदाम रेलवे मैदान में लगभग 100 से 150 वाहनों की पार्किंग।
- रामलीला मैदान, जापलिनगंज: लगभग 1200 वाहनों की पार्किंग।
- सतीशचंद्र डिग्री कॉलेज: कॉलेज के सामने और बगल में बने दो पार्किंग स्थलों पर लगभग 4000 वाहनों की व्यवस्था।
- टाउन हॉल ग्राउंड: लगभग 550 दोपहिया वाहनों की पार्किंग।
ई-रिक्शा के लिए भी निर्धारित किए गए पांच रूट
शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए ई-रिक्शा के आवागमन पर भी नियंत्रण लगाया गया है। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले ई-रिक्शा को निर्धारित बैरियर पर ही रोक दिया जाएगा।
- रूट नंबर-1: बहादुरपुर से शहर की तरफ आने वाले ई-रिक्शा को कुंवर सिंह चौराहे पर रोका जाएगा।
- रूट नंबर-2: फेफना, सागरपाली और माल्देपुर से आने वाले ई-रिक्शा को चित्तू पांडेय चौराहे पर रोका जाएगा।
- रूट नंबर-3: हल्दी और दुबहड़ से आने वाले ई-रिक्शा को पिपरा माफी ढाला के पास रोका जाएगा।
- रूट नंबर-4: बांसडीह रोड से शहर की तरफ आने वाले ई-रिक्शा को एनसीसी तिराहे पर रोका जाएगा।
- रूट नंबर-5: मिढ्ढी से आने वाले ई-रिक्शा को रोडवेज बस स्टैंड तिराहे पर रोका जाएगा।
आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी छूट
पुलिस के अनुसार, यातायात प्रतिबंधों के दौरान आवश्यक आपातकालीन सेवाओं को छूट दी जाएगी। फायर सर्विस, एंबुलेंस और प्रशासनिक वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहेगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि कार्तिक पूर्णिमा के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और अनावश्यक रूप से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन लेकर न जाएं। इससे स्नान पर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और जाममुक्त बनाने में सहयोग मिलेगा।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले

पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।