रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

बलिया: कटानरोधी कार्य का ग्रामीणों ने किया विरोध, दो घंटे रुका जियो ट्यूब लगाने का काम

बलिया के महाराजपुर-नाहर छपरा गांव को सरयू नदी की कटान से बचाने के लिए चल रहा काम ग्रामीणों के विरोध के कारण बाधित हो गया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस की मौजूदगी में दोबारा काम शुरू कराया गया।

बलिया: कटानरोधी कार्य का ग्रामीणों ने किया विरोध, दो घंटे रुका जियो ट्यूब लगाने का काम

सरयू नदी की कटान से महाराजपुर के नाहर छपरा गांव को बचाने के लिए चल रहा कटानरोधी कार्य मंगलवार को ग्रामीणों के विरोध के कारण बाधित हो गया। स्थानीय निवासी धर्मनाथ यादव सहित कुछ ग्रामीणों ने जियो ट्यूब लगाने के काम पर आपत्ति जताते हुए इसे रुकवा दिया। उनका कहना था कि कटान के कारण उनका घर नदी में समा चुका है, ऐसे में अब सभी के घरों को बचाने के लिए काम किया जाना चाहिए। विरोध के चलते मौके पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक बचाव कार्य बंद रहा।

मौके पर मौजूद बाढ़ विभाग के अवर अभियंता (जेई) पवन यादव ने इसकी जानकारी फोन के माध्यम से एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने सीओ जयशंकर मिश्र से बातचीत की और मौके पर पुलिस बल भेजकर कटानरोधी कार्य दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में जियो ट्यूब लगाने का काम फिर से शुरू कराया गया।

गांव को बचाना प्रशासन की प्राथमिकता: एसडीएम

एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने कहा कि महाराजपुर-नाहर छपरा गांव को सरयू नदी की कटान से बचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कटानरोधी कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग को काम में तेजी लाने और निर्धारित कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन गांव को कटान से बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।

30 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद शुरू हुआ था बचाव कार्य

गौरतलब है कि नाहर छपरा गांव को सरयू नदी की कटान से बचाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक एवं जिला पंचायत के पूर्व पदेन अध्यक्ष नागेंद्र बहादुर सिंह 'झुन्नू' के नेतृत्व में महाराजपुर से बांसडीह तहसील तक करीब 30 किलोमीटर की पदयात्रा कर प्रदर्शन किया था।

इस दौरान एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि गांव को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद कटानरोधी कार्य शुरू कराया गया।

नागेंद्र बहादुर सिंह 'झुन्नू' ने कहा कि गांव को बचाने के लिए कटानरोधी कार्य शुरू होना प्रशासन की पहल का परिणाम है। उन्होंने इसका श्रेय एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा को देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से गांव को सुरक्षित रखने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन की निगरानी में जियो ट्यूब लगाने का काम दोबारा शुरू हो गया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि समय रहते बचाव कार्य पूरा होने से गांव को सरयू नदी की कटान से राहत मिल सकेगी।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें