बलिया में तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत, शादी समारोह में आए थे तीनों
नगरा थाना क्षेत्र के विशरूप गांव के पास हुआ हादसा, ग्रामीणों ने एक युवक को सुरक्षित बचाया। शादी की तैयारियों के बीच दो मौतों से परिवारों में शोक।
नगरा थाना क्षेत्र के विशरूप गांव के पास शनिवार दोपहर तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया। तीनों युवक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों का माहौल गम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, विशरूप गांव निवासी मुन्नीलाल सिंह की बेटी की शादी 26 नवंबर को होनी है। इसके लिए 22 नवंबर को तिलकोत्सव का कार्यक्रम निर्धारित था। समारोह में शामिल होने के लिए रिश्तेदारों और परिचितों का घर पहुंचना शुरू हो गया था। इसी क्रम में गाजीपुर जिले के यूसुफपुर निवासी 18 वर्षीय आयुष पुत्र दीपक, बिहार के डुमरांव निवासी 19 वर्षीय सनी पुत्र संजय कुर्मी और बलिया के सीताकुंड निवासी 19 वर्षीय किशन पुत्र दिलीप कुमार शनिवार दोपहर गांव के पास स्थित तालाब में नहाने चले गए।
बताया गया कि तीनों युवक मछुआरों की मछली पकड़ने वाली डेंगी लेकर तालाब में गए थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद तीनों को तालाब से बाहर निकाला।
इसके बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सनी और किशन को मृत घोषित कर दिया। आयुष को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। एसडीएम शरद चौधरी और क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक छा गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां दो युवकों की मौत से मातम पसरा हुआ है।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।