हरदोई कलेक्ट्रेट में ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र शुरू, डीएम ने खुद डालकर देखा वोट
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने प्रदर्शन केंद्र का उद्घाटन किया। मतदाताओं को ईवीएम से मतदान और वीवीपैट से मत की पुष्टि की प्रक्रिया समझाई जाएगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत हरदोई कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम और वीवीपैट प्रशिक्षण एवं जागरूकता केंद्र शुरू किया गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं ईवीएम से मतदान करके प्रक्रिया का अनुभव लिया और वीवीपैट से निकली पर्ची के जरिए अपने मत की पुष्टि की।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य आम मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है, ताकि मतदान के समय किसी तरह का भ्रम या संशय न रहे। उन्होंने बताया कि कोई भी मतदाता कलेक्ट्रेट स्थित केंद्र पर पहुंचकर मतदान की प्रक्रिया समझ सकता है और प्रशिक्षण के लिए रखी गई मशीन पर स्वयं वोट डालकर इसका अनुभव प्राप्त कर सकता है।
केंद्र पर तैनात प्रशिक्षित कर्मचारी लोगों को ईवीएम के संचालन और मतदान की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। वीवीपैट के माध्यम से मतदाता यह भी देख सकेंगे कि उन्होंने जिस प्रत्याशी के पक्ष में बटन दबाया है, उसकी पर्ची मशीन में प्रदर्शित हुई है।
डीएम ने युवाओं, पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं और अन्य नागरिकों से केंद्र पर पहुंचकर जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान को कलेक्ट्रेट तक सीमित नहीं रखा जाएगा। जिले की विभिन्न तहसीलों, विकासखंडों और विद्यालयों में भी प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
केंद्र के उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति देखी। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।