फाइलेरिया से बचाव के लिए आगे आए लोग, चार ब्लॉकों में 1.98 लाख ने खाई दवा
सर्वजन दवा सेवन अभियान में रीता वर्मा और नितिन कुमार अपने अनुभव साझा कर लोगों को कर रहे जागरूक। सात दिसंबर तक चलेगा अभियान।
फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जिले में चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में स्थानीय नागरिक भी लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। दवा का सेवन करने के बाद कुछ लोग अपने अनुभव साझा कर आसपास के लोगों को भी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कैथीपुरवा गांव की 38 वर्षीय रीता वर्मा ने अभियान के पहले ही दिन फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया। उन्होंने पिछले वर्ष भी यह दवा ली थी। रीता का कहना है कि उन्हें अब तक दवा खाने के बाद किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है। अब वह अपने अनुभव के आधार पर आसपास की महिलाओं को भी स्वास्थ्यकर्मियों के निर्देशानुसार दवा लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
इसी गांव के 42 वर्षीय नितिन कुमार ने भी आशा कार्यकर्ता सुनीता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा वर्मा के सामने दवा का सेवन किया। नितिन ने बताया कि अभियान की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मुख्यालय में पढ़ाई कर रहे अपने 16 वर्षीय बेटे अभिजीत को भी घर बुलाया, जिसके बाद परिवार के सभी सदस्यों ने दवा खाई।
नितिन के अनुसार, आशा कार्यकर्ता ने पहले घर की मार्किंग की और परिवार के सदस्यों की जानकारी जुटाई। इसके बाद लंबाई मापकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दवा खिलाई गई। अब नितिन खेतों, चौराहों और दुकानों के आसपास लोगों को फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सात दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत अहिरोरी, साण्डी, बिलग्राम और कोथावां ब्लॉक में अब तक 1.98 लाख लोग दवा का सेवन कर चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद सचान ने जागरूक नागरिकों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभियान में एक भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से छूटता है तो संक्रमण की कड़ी तोड़ने के प्रयास प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्यकर्मियों के निर्देशानुसार दवा का सेवन करने की अपील की।
चार ब्लॉकों में फाइलेरिया के मरीजों की स्थिति
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इन चारों ब्लॉकों में हाथीपांव के 680 और हाइड्रोसील के 94 मरीज चिह्नित हैं। विभाग के अनुसार, सभी 680 हाथीपांव मरीजों को रोग प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि 54 हाइड्रोसील मरीजों का ऑपरेशन कराया गया है।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।