हरदोई में कार सवार दंपति को लूटने का प्रयास, कई किलोमीटर तक किया पीछा
गौसगंज के पास बाइक सवार बदमाशों ने असलहों के दम पर कार रोकने की कोशिश की और लोहे की रॉड से हमला कर वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ितों ने सहिजना टोल प्लाजा पहुंचकर मदद मांगी।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौसगंज में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने असलहों के दम पर कार सवार दंपति को लूटने का प्रयास किया। बदमाशों ने कार रोकने के लिए हथियार लहराए और लोहे की रॉड से हमला कर वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उन्होंने रिजॉर्ट से सहिजना टोल प्लाजा तक कई किलोमीटर कार का पीछा किया। दंपति किसी तरह टोल प्लाजा पहुंचकर सुरक्षित बच निकले।
जानकारी के अनुसार, दंपति अपने बेटे के सगाई समारोह में शामिल होकर लखनऊ से कार से लौट रहे थे। गौसगंज के पास एक रिजॉर्ट से आगे बढ़ते ही बाइक सवार अज्ञात लोगों ने उनकी कार रोकने का प्रयास किया। बदमाशों के हाथों में असलहे देखकर चालक ने खतरा भांप लिया और कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड से चलती कार पर हमला कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
हमलावर हथियार लहराते हुए लगातार कार का पीछा करते रहे। दंपति किसी तरह सहिजना टोल प्लाजा पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर मदद मांगी। पीड़ितों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब 40 मिनट तक मौके पर नहीं पहुंची। काफी देर इंतजार करने के बाद उन्होंने अपने परिचितों को बुलाया। परिचितों के पहुंचने पर दंपति वहां से रवाना हुए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद इलाके में रात्रि गश्त और आपात स्थिति में पुलिस की मदद मिलने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।