हरदोई: पेड़ कटवाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में उपनिरीक्षक निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
हरपालपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह पर रिश्वत लेने और आम लोगों से अभद्र भाषा में बात करने का आरोप है। एसपी ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जिले में पुलिसकर्मियों के आचरण और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है। हरपालपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह को पेड़ कटवाने के नाम पर रिश्वत लेने और आम लोगों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस देवेन्द्र सिंह (पीएनओ 932510152) पर आरोप है कि उन्होंने 10 नवंबर 2026 को थाना क्षेत्र में पेड़ कटवाने के नाम पर रिश्वत (उत्कोच) ली थी। इसके साथ ही आम लोगों के साथ अनुचित और अभद्र भाषा का प्रयोग करने की शिकायत भी सामने आई थी। मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक हरदोई ने उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में आरोपों से जुड़े तथ्यों और पूरे प्रकरण की पड़ताल की जाएगी।
एसपी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ शालीनता से व्यवहार करना पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है।
एसपी ने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और जनता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।