रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

झांसी: चारों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी, 7 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले के 1,741 बूथों पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 16 दिसंबर है।

झांसी: चारों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी, 7 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR) के तहत जिले में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए अभियान शुरू हो गया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची प्रतिनिधियों को सौंपी गई।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है, ताकि कोई पात्र नागरिक सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल न हो।

1,741 बूथों पर चलेगा पुनरीक्षण अभियान

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बीएलए पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का सहयोग कर सकते हैं। जिले के सभी 1,741 बूथों पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य संचालित किया जाएगा।

बैठक में परिवार के सदस्यों के अलग-अलग बूथों पर नाम दर्ज होने का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने ऐसे परिवारों से जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, जिनके सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों की मतदाता सूची में दर्ज हैं, ताकि नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया की जा सके। इसके अलावा कांशीराम कॉलोनी, मलिन बस्तियों और कुष्ठ आश्रम में विशेष शिविर लगाकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने की जानकारी दी गई।

नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए भरें निर्धारित फॉर्म

जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा और ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।

ये आवेदन संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी या विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) के पास जमा किए जा सकते हैं। मतदान केंद्रों पर नियुक्त पदाभिहित अधिकारियों के पास प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करने और दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, एकीकृत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया जा चुका है। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 11 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियां रखी गई हैं।

प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 7 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना और उसमें मौजूद त्रुटियों को दूर करना सामूहिक जिम्मेदारी है। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप के तहत संचालित कार्यक्रमों की जानकारी भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए.के. गुप्ता, प्रभारी एडीओ आर.के. पाल सहित भाजपा के उदय लुहारी, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंह भोजला, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गिरजा शंकर राय, अभिषेक जैन, बसपा जिलाध्यक्ष भगवान दास, सत्येंद्र खरे, आम आदमी पार्टी के अरशद खान और अपना दल के देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें