कानपुर देहात में 15 नवंबर तक चलेगा विशेष सफाई अभियान, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
डेरापुर ब्लॉक में सफाई कर्मियों की बैठक कर एडीओ पंचायत अश्वनी कुमार ने गांवों की गलियों, नालियों और जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और संचारी रोगों पर नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान 15 नवंबर तक चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को डेरापुर ब्लॉक के अटल सभागार में सफाई कर्मियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीओ पंचायत अश्वनी कुमार ने की।
बैठक में एडीओ पंचायत ने कहा कि अभियान के दौरान ब्लॉक की प्रत्येक ग्राम पंचायत और गांव में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सफाई कर्मियों को निर्देश दिए कि गांवों की गलियों, सार्वजनिक स्थानों, नालियों और जलभराव वाले क्षेत्रों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कहीं भी कूड़ा या गंदगी एकत्र नहीं होनी चाहिए। नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि मच्छरों के पनपने और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका कम की जा सके।
शिकायतों का समय से निस्तारण करने के निर्देश
एडीओ पंचायत ने सफाई कर्मियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है। ग्रामीणों की ओर से मिलने वाली सफाई संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका समय से निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित भ्रमण करने और सफाई व्यवस्था की निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मौजूद रहे सफाई कर्मी
बैठक में दयाशंकर, रवि कुमार, मोहन कुमार, कृष्ण कुमार, गौरंगधर, नीलम देवी, सुमन, पूनम और ममता सहित अन्य सफाई कर्मी मौजूद रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
बलिया: बजरंग पीजी कॉलेज के खेल मैदान में झाड़ियां और गंदगी, प्राचार्य ने बताई सफाई में देरी की वजह
यूपी में ग्राम प्रधानों का प्रशासक कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव
बलिया में मंदिर चोरी के आरोप में पांच गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो घायल
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।