प्रतापगढ़: खाद्य प्रतिष्ठान पर छापा, 8 क्विंटल पनीर और 2880 लीटर मिश्रित दूध नष्ट कराया
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मेसर्स श्यामलाल एंड संस के प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करते हुए चार नमूने जांच के लिए भेजे। 1625 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर जब्त कर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने 27 नवंबर को मेसर्स श्यामलाल एंड संस के खाद्य प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। संयुक्त खाद्य सचल दल की इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जबकि 1625 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर जब्त किया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर गठित विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान टीम ने खोया, पनीर, स्किम्ड मिल्क पाउडर और मिश्रित दूध के कुल चार नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभागीय कार्रवाई के दौरान लगभग 2880 लीटर मिश्रित दूध नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 72 हजार 800 रुपये बताई गई। इसके अलावा करीब 8 क्विंटल पनीर, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये और 335 किलोग्राम क्रीम, जिसकी अनुमानित कीमत 59 हजार 500 रुपये थी, नष्ट कराई गई।
वहीं, प्रतिष्ठान से स्किम्ड मिल्क पाउडर की 65 बोरियां जब्त की गईं। प्रत्येक बोरी में 25 किलोग्राम पाउडर था। इस तरह कुल 1625 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 51 हजार 820 रुपये बताई गई है।
प्रतिष्ठान में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2 अभय कुमार सिंह ने प्रतिष्ठान को बंद कराने के साथ उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए गए चार नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।