रायबरेली में न्यायमूर्ति की एस्कॉर्ट बोलेरो टायर फटने से पलटी, दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल
लखनऊ से प्रयागराज जा रहे इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुधांशु चौहान की सुरक्षा में तैनात वाहन मोहम्मदपुर कुचरिया के पास डिवाइडर से टकराकर पलटा।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुधांशु चौहान की सुरक्षा में तैनात रायबरेली पुलिस की एस्कॉर्ट बोलेरो शुक्रवार शाम रायबरेली-प्रयागराज फोरलेन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। भदोखर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कुचरिया के पास वाहन का अगला बायां टायर अचानक फट गया। इससे चालक नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई।
हादसे में एस्कॉर्ट वाहन के चालक सिपाही संदीप कुमार यादव और उपनिरीक्षक रामनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। संदीप कुमार यादव के सिर और कंधे में गंभीर चोटें आईं, जबकि उपनिरीक्षक रामनाथ का हाथ फ्रैक्चर हो गया। वाहन में सवार सिपाही प्रदीप कुमार को मामूली खरोंच आई।
घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे की है। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी आशीष निगम, सीओ यातायात विजयशंकर, पुलिस लाइन के प्रभारी आरआई जितेंद्र बहादुर सिंह, भदोखर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र और एम्स चौकी प्रभारी सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद एम्स पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों के उपचार की जानकारी ली।
पुलिस लाइन के प्रभारी आरआई जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना के तत्काल बाद दूसरी एस्कॉर्ट गाड़ी की व्यवस्था की गई। इसके बाद न्यायमूर्ति सुधांशु चौहान को सुरक्षित प्रयागराज रवाना किया गया। हादसे में एस्कॉर्ट बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।