शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
केरल कांग्रेस कमेटी को सुप्रीम कोर्ट का शो-कॉज नोटिस, CJI सूर्यकांत पर पोस्ट को लेकर जवाब तलब

रायबरेली: टेकारी स्टेट के महल और मंदिर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, चोरी की साजिश जेल में रहते हुए रची गई थी। आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर महल और मंदिर से मूर्तियां, चांदी के सिक्के, नकदी और प्राचीन हथियार चोरी किए थे।

रायबरेली: टेकारी स्टेट के महल और मंदिर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

टेकारी स्टेट के ऐतिहासिक महल और मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रिंकू ने पूछताछ में बताया कि चोरी की योजना करीब छह महीने पहले जेल में रहने के दौरान बनाई गई थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक और दो अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक, मामले में मुकदमा अपराध संख्या 181/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिंकू पुत्र विपत, निवासी थुलेण्डी, थाना बछरावां के रूप में हुई है।

जेल में बनाई थी चोरी की योजना

पुलिस पूछताछ में रिंकू ने बताया कि करीब छह महीने पहले जेल में रहने के दौरान उसने अपने साथियों के साथ टेकारी स्टेट के महल और मंदिर में चोरी की योजना बनाई थी। इस कथित साजिश में हरिकेश पासी उर्फ बगदादी निवासी बेतौरा, थाना डीह, दिनेश उर्फ दन्ना निवासी थुलेण्डी और दो अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल थे।

आरोपी के बयान के अनुसार, जेल से रिहा होने के बाद सभी साथी 29 सितंबर 2026 को रायबरेली में मिले और चोरी की योजना को अंतिम रूप दिया। इसके बाद एक और दो अक्टूबर की मध्यरात्रि महल तथा मंदिर के ताले तोड़कर चोरी की गई।

मंदिर की प्रतिमाओं से लेकर प्राचीन हथियार तक चोरी

पुलिस के अनुसार, चोर मंदिर से शिव-पार्वती की सफेद धातु की प्रतिमा और पीली धातु के दो द्वारपालों की प्रतिमाएं ले गए थे। इसके अलावा महल की अलमारी से नकदी, चांदी की पुरानी थाली और प्लेट, चांदी के आठ सिक्के, एक प्राचीन तलवार, खंजर और चाकू सहित अन्य सामान चोरी किया गया था।

पूछताछ में रिंकू ने बताया कि चोरी की नकदी में से उसे और एक अन्य साथी को 7,500-7,500 रुपये तथा दो-दो चांदी के सिक्के मिले थे। उसके मुताबिक, हरिकेश पासी उर्फ बगदादी ने प्राचीन हथियार अपने पास रख लिए, जबकि दिनेश उर्फ दन्ना दो अन्य साथियों के साथ बाकी कीमती सामान लेकर चला गया।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें