शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
त्योहारों से पहले झींझक बाजार में उतरीं SP श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

रूरा स्टेशन पर तत्काल टिकटों की कालाबाजारी का आरोप, 29 वर्षीय युवक गिरफ्तार

आरपीएफ और क्राइम विंग कानपुर की संयुक्त टीम ने आरक्षण केंद्र परिसर से दो भविष्य की तत्काल स्लीपर टिकट, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की। आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

रूरा स्टेशन पर तत्काल टिकटों की कालाबाजारी का आरोप, 29 वर्षीय युवक गिरफ्तार

त्योहारी सीजन में रेलवे टिकटों की अवैध बिक्री और दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रूरा रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र परिसर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ और क्राइम विंग कानपुर की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से भविष्य की दो तत्काल स्लीपर श्रेणी की विंडो टिकट, आरक्षण फॉर्म, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की।

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, प्रभारी उप निरीक्षक राहुल यादव के नेतृत्व में रूरा आरपीएफ आउटपोस्ट और क्राइम विंग कानपुर की टीम स्टेशन परिसर में जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 6 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:10 बजे रूरा के यात्री आरक्षण केंद्र (PRS) परिसर में छापेमारी की गई। टीम ने मौके से एक युवक को टिकट दलाली के आरोप में पकड़ा।

गिरफ्तार युवक की पहचान समीर कुमार (29 वर्ष), पुत्र रामबाबू, निवासी मारग मैथा, थाना शिवली, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है।

प्रति टिकट 200 से 250 रुपये अतिरिक्त लेने का आरोप

आरपीएफ के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी रूरा PRS के STBA के निजी सहायक के रूप में काम करने की आड़ में यात्रियों से तत्काल टिकट बनवाने के लिए निर्धारित किराये के अतिरिक्त 200 से 250 रुपये प्रति व्यक्ति वसूलता था।

संयुक्त टीम ने उसके पास से भविष्य की दो तत्काल स्लीपर श्रेणी की विंडो टिकट बरामद कीं। इनका कुल मूल्य 950 रुपये बताया गया है। इनमें एक टिकट रूरा से बेगूसराय और दूसरी कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली के लिए थी।

इसके अलावा टीम को एक भरा हुआ तत्काल आरक्षण फॉर्म, एक खाली तत्काल आरक्षण फॉर्म, एक इस्तेमाल किया हुआ टच मोबाइल फोन और 100 रुपये नकद भी मिले।

रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट फफूंद में मुकदमा अपराध संख्या 484/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत 6 नवंबर 2026 को मामला पंजीकृत किया गया। आरपीएफ के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में आरपीएफ आउटपोस्ट रूरा के उप निरीक्षक राहुल यादव, हेड कांस्टेबल केशव और कांस्टेबल चंद्रवीर शामिल रहे। वहीं, क्राइम विंग (CIB) कानपुर की ओर से एएसआई जयप्रकाश पाठक, हेड कांस्टेबल नागेंद्र मौर्य, हेड कांस्टेबल शैलेश कुमार और कांस्टेबल मनीष ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट केवल अधिकृत आरक्षण केंद्रों, IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या अन्य अधिकृत माध्यमों से ही बुक कराएं। टिकट के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगने वाले व्यक्तियों की सूचना रेलवे सुरक्षा बल को दें।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें