रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

सीएचसी सिकंदरपुर में इलाज के बाद बिगड़ी हालत, बलिया लेजाते वक्त रास्ते में महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

सीएचसी सिकंदरपुर में इलाज के बाद बिगड़ी हालत, बलिया लेजाते वक्त रास्ते में महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदरपुर में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सिवान कला गांव निवासी खुशबू वर्मा ने छठ महापर्व का व्रत रखा था। घाट पर पूजा-अर्चना करने के बाद जब वह घर लौटीं तो अचानक उनके पैर में दर्द शुरू हो गया। दर्द बढ़ने पर उनके पति पिंटू वर्मा उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर लेकर पहुंचे।

पति पिंटू वर्मा का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने उन्हें बाहर से दो इंजेक्शन लाने के लिए कहा। परिजन दोनों इंजेक्शन लेकर अस्पताल पहुंचे। आरोप के मुताबिक, बाहर से लाए गए दो इंजेक्शन के साथ अस्पताल की ओर से भी दो इंजेक्शन लगाए गए। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद खुशबू की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनकी हालत गंभीर हो गई और मुंह से झाग निकलने लगा।

परिजनों का कहना है कि महिला की हालत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी सिकंदरपुर से जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। छठ पर्व की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

घटना के बाद परिजनों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते उचित उपचार और सावधानी बरती गई होती तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, इंजेक्शन और मौत के बीच चिकित्सकीय संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, इलाज से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड और इंजेक्शन के विवरण की जांच करने तथा संबंधित चिकित्सक की भूमिका की पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो वे सीएचसी सिकंदरपुर पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें