शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
रायबरेली: टेकारी स्टेट के महल और मंदिर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

बलिया में सियासी पोस्टर वार: सपा कार्यालय के सामने विवादित पोस्टर लगाने का आरोप, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष ने फाड़ा

बलिया में सपा कार्यालय के सामने अखिलेश यादव की तस्वीर वाला विवादित पोस्टर लगाए जाने का आरोप। युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने पोस्टर फाड़कर भाजपा नेताओं पर निशाना साधा।

बलिया में सियासी पोस्टर वार: सपा कार्यालय के सामने विवादित पोस्टर लगाने का आरोप, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष ने फाड़ा

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में स्नातक एमएलसी चुनाव के दिन राजनीतिक माहौल गरमा गया। कचहरी के समीप समाजवादी पार्टी कार्यालय के सामने कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए एक पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पोस्टर पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ लिखा था, 'सपाइयों का क्या भरोसा, दंगा, भ्रष्टाचार और बिरयानी, सपा राज की असल कहानी।' पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं।

अरविंद गिरी ने मौके पर पहुंचकर फाड़ा पोस्टर

पोस्टर को लेकर समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोस्टर फाड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी के लोगों पर आपत्तिजनक पोस्टर लगाने का आरोप लगाया।

अरविंद गिरी ने कहा कि बलिया की राजनीति की अपनी एक गरिमा और परंपरा रही है। यह जिला चंद्रशेखर, शरदानंद अंचल और जनेश्वर मिश्र जैसे नेताओं की धरती रहा है। उन्होंने कहा कि बलिया को मुनियों और तपस्वियों की भूमि के रूप में भी जाना जाता है। ऐसे में राजनीतिक विरोध के नाम पर इस तरह की गतिविधियां उचित नहीं हैं।

भाजपा नेताओं से राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की अपील

अरविंद गिरी ने भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के अन्य नेताओं से बलिया की राजनीतिक मर्यादा और संस्कारों को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा के लोग बलिया में पोस्टर वार की राजनीति चाहते हैं?

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इस तरह की गतिविधियां जारी रहीं तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी जवाब देने के लिए पोस्टर लगाने का रास्ता अपना सकते हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं से राजनीतिक विरोध के दौरान भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखने की अपील की।

पोस्टर को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज

स्नातक एमएलसी चुनाव के दिन सामने आए इस पोस्टर और उसके बाद हुई कार्रवाई ने बलिया के राजनीतिक माहौल में नई चर्चा छेड़ दी है। फिलहाल, पोस्टर लगाने वालों की पहचान और पूरे मामले में भाजपा की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की पुष्टि नहीं हुई है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें