बलिया: धरहरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय में 27 पंजीकृत बच्चों में मिले सिर्फ दो, तीन शिक्षकों को नोटिस के निर्देश
औचक निरीक्षण में बच्चों की कम उपस्थिति पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई। शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क कर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालय धरहरा में बच्चों की कम उपस्थिति को लेकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई। औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 27 बच्चों का पंजीकरण मिला, जबकि मौके पर केवल दो बच्चे उपस्थित थे।
बच्चों की कम उपस्थिति पर जिलाधिकारी ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका रीना चौरसिया, वंदना पाण्डेय और बब्बन पाण्डेय को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन की व्यवस्था और गुणवत्ता की भी जानकारी ली। रसोई कर्मचारी से भोजन की तैयारियों के बारे में पूछताछ की और आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को लेकर भी शिक्षकों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर ऐसे पात्र लोगों की जानकारी जुटाई जाए, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। ऐसे लोगों को निर्धारित फार्म भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की जवाबदेही और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।