यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, एडीजी नवीन अरोरा ने नौ जिलों की सुरक्षा व्यवस्था परखी
वाराणसी जोन के नौ जनपदों की चुनावी तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा की गई। पुलिस बल, हथियारों, संवेदनशील क्षेत्रों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जोन के सभी नौ जनपदों की चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सबसे पहले पुलिस बल की उपलब्धता और जनशक्ति का आकलन किया गया। नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात पुलिस, अभिसूचना इकाई, लिपिकीय संवर्ग और चालक सहित सभी श्रेणियों के पुलिसकर्मियों की समीक्षा करने को कहा गया। साथ ही शारीरिक रूप से कमजोर अथवा अक्षम पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर उन्हें चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
एडीजी ने चुनावी सुरक्षा मजबूत करने के लिए संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों की वल्नरेबिलिटी एवं क्रिटिकल मैपिंग का कार्य पूरी गंभीरता और सूक्ष्मता से पूरा कराने पर जोर दिया। इसके अलावा पुलिस लाइंस और थानों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों की जांच कर उन्हें कार्य योग्य, मरम्मत योग्य और निष्प्रयोज्य श्रेणियों में बांटने तथा खराब उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
पुलिस शस्त्रों की समीक्षा के दौरान एके-47, एसएलआर, इंसास, स्टेनगन, कारबाइन, पिस्टल और रिवॉल्वर सहित सभी हथियारों का जीपी लिस्ट से मिलान कराने को कहा गया। साथ ही शस्त्रों की जांच, ऑयलिंग और आवश्यक मरम्मत समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में 'राइट मैन फॉर राइट प्लेस' की रणनीति पर भी विशेष जोर दिया गया। एडीजी ने अधिकारियों को अपने क्षेत्र और पुलिस बल की कार्यक्षमता का सही आकलन करने को कहा, ताकि प्रत्येक पुलिसकर्मी की क्षमता के अनुरूप उसकी तैनाती की जा सके।
चुनाव में अर्धसैनिक बलों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उनके ठहरने, भोजन, रूट चार्ट और एरिया डॉमिनेशन के लिए स्थानों का चिह्नांकन समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही थाना क्षेत्रों के सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों का भौतिक सत्यापन कराने को कहा गया।
निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित होने से रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वाड टीम (FST), स्टेटिक सर्विलांस टीम (SST), वीडियो सर्विलांस टीम (VST) और वीडियो व्यू टीम (VVT) की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इंटरसेप्टर बैरियर, अंतरराज्यीय एवं अंतरजनपदीय बैरियर और क्लस्टर मोबाइल की व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा नामांकन स्थलों, मतदान केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां अभी से शुरू करने को कहा गया। वांछित अपराधियों और अन्य अपराधियों का सत्यापन कर उनकी सूची तैयार करने तथा 'यक्ष' ऐप को पूरी तरह अपडेट रखने के भी निर्देश दिए गए।
एडीजी नवीन अरोरा ने सभी अधिकारियों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने की अपेक्षा जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर तैयारियां अधूरी नहीं रहनी चाहिए। विधानसभा चुनाव एक लंबी और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, जिससे चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।
इस समीक्षा बैठक में वाराणसी जोन के सभी परिक्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक, नोडल चुनाव अधिकारी, चुनाव सेल प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, रेडियो निरीक्षक, प्रभारी अभिसूचना इकाई और अग्निशमन अधिकारी शामिल रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले

पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।