शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
रायबरेली: टेकारी स्टेट के महल और मंदिर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

बलिया: छात्र की मौत के मामले में दो शिक्षक सस्पेंड, शिक्षामित्र की सेवा समाप्ति की तैयारी

गड़वार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से छात्र की मौत के मामले में बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक को निलंबित किया है। शिक्षामित्र की सेवा समाप्ति के लिए ग्राम शिक्षा समिति को पत्र भेजा गया है।

बेसिक शिक्षाधिकारी बलिया मनीष सिंह (फाइल फोटो)
बेसिक शिक्षाधिकारी बलिया मनीष सिंह (फाइल फोटो)

गड़वार शिक्षा क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कक्षा चार के छात्र अरशद अहमद की मौत के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर और सहायक अध्यापक अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, शिक्षामित्र दीपचन्द राम की सेवा समाप्त करने के लिए ग्राम शिक्षा समिति को पत्र भेजा गया है।

छात्र को छत पर भेजने का लगा था आरोप

गौरतलब है कि विशुकिया निवासी मो. इजहार अहमद का 12 वर्षीय पुत्र अरशद अहमद प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में कक्षा चार का छात्र था। सोमवार सुबह विद्यालय परिसर में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी।

परिजनों का आरोप था कि विद्यालय पहुंचने के बाद छात्र को लौकी तोड़ने के लिए स्कूल की छत पर भेजा गया था। इसी दौरान वह छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए मुआवजे तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से प्रारंभिक जांच की गई। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। शिक्षामित्र दीपचन्द राम की सेवा समाप्ति के लिए ग्राम शिक्षा समिति को पत्र भेजा गया है। यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।

विस्तृत जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षकों द्वारा पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने और अपने दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999, यथासंशोधित, के प्रावधानों के तहत दोनों शिक्षकों को निलंबित किया गया है।

बीएसए के अनुसार, पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सिद्ध होने पर सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जा सकती है।

इस घटना के बाद विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, शिक्षकों की निगरानी और परिसर के आसपास मौजूद बिजली के खतरनाक तारों से जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठे हैं। विस्तृत जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही जिम्मेदारी और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें