बलिया: मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
बांसडीह इंटर कॉलेज में आयोजित निबंध और निर्वाचन साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का परिणाम घोषित हुआ। दोनों प्रतियोगिताओं के 10-10 चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए।
आगामी विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन विभाग की ओर से चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बांसडीह इंटर कॉलेज में आयोजित निबंध और निर्वाचन साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का परिणाम गुरुवार को घोषित किया गया। इस अवसर पर दोनों प्रतियोगिताओं में चयनित 10-10 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी डॉ. पुष्कर मिश्रा और तहसीलदार नितिन कुमार सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। यह आयोजन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व और मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया था।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के माध्यमिक और डिग्री कॉलेजों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) गठित कर उन्हें सक्रिय किया जा रहा है। इसी पहल के तहत विद्यार्थियों की भागीदारी से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने कहा कि आज के बच्चे ही भारत का भविष्य हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक मतदाता बनने और अपने परिवार तथा आसपास के पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
तहसीलदार नितिन कुमार सिंह ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोगों को मतदान के अधिकार और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राज प्रकाश सिंह, शिवजी पाण्डेय, संजय सिंह, प्रशांत सिंह, अयोध्या प्रसाद, अबू सालिम और संगीता वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले

पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।