रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

बेल्थरारोड में एसएसआर-2027 अभियान के पहले दिन बूथों पर पहुंचे मतदाता, फॉर्म-6 की रही अधिक मांग

मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों पर नए मतदाताओं के पंजीकरण और विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन किए गए। अभियान रविवार को भी जारी रहेगा।

बेल्थरारोड में एसएसआर-2027 अभियान के पहले दिन बूथों पर पहुंचे मतदाता, फॉर्म-6 की रही अधिक मांग

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर-2027) के तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस के पहले दिन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने पहुंचकर पंजीकरण और संशोधन के लिए आवेदन किए। खासकर पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर उत्साह देखने को मिला। नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 की मांग अधिक रही।

प्राथमिक विद्यालय सीयर नंबर-1, जूनियर हाईस्कूल और जीएएएम इंटर कॉलेज सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे। उन्होंने नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी। आवेदन करने आए लोगों की मदद के लिए लेखपाल नीतीश कुमार सिंह और शिल्पा यादव भी बूथों पर पहुंचीं।

प्राथमिक विद्यालय सीयर नंबर-1 पर प्रभारी प्रधानाध्यापक दिलीप कुशवाहा ने विद्यालय परिसर में बोर्ड पर बीएलओ का नाम अंकित कराया था, ताकि आवेदन के लिए आने वाले लोगों को संबंधित अधिकारी को खोजने में परेशानी न हो। वहीं, सुपरवाइजर आशुतोष पांडेय ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति और अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया।

इससे पहले शुक्रवार को उपजिलाधिकारी शरद चौधरी की अध्यक्षता में तहसील सभागार में अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई थी। बैठक में एसडीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करने पर जोर दिया।

निर्वाचन आयोग की ओर से 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के सभी 446 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित अन्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन तथा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा रहा है।

रविवार, 29 नवंबर को भी सभी 446 मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांच लें। किसी पात्र सदस्य का नाम छूटने या विवरण में गलती होने पर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित फॉर्म में आवेदन करें।

दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें