रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

बिहार में रबी 2026-27 से लागू होगी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, 15 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन

राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बिहार राज्य फसल सहायता योजना की जगह लेगी। रैयत और गैर-रैयत किसान कम प्रीमियम पर फसल बीमा करा सकेंगे।

बिहार में रबी 2026-27 से लागू होगी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, 15 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन

बिहार के किसानों के लिए रबी फसल सीजन 2026-27 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) लागू की जाएगी। यह योजना राज्य में पहले से संचालित बिहार राज्य फसल सहायता योजना की जगह लेगी। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि इस योजना का लाभ रैयत किसानों के साथ-साथ गैर-रैयत किसान भी उठा सकेंगे।

योजना के तहत किसानों को कम प्रीमियम पर फसल बीमा कवरेज उपलब्ध कराया जाएगा। प्राकृतिक आपदाओं, कीट और रोगों के कारण फसल को नुकसान होने की स्थिति में बीमा के माध्यम से आर्थिक सहायता मिल सकेगी। इसके लिए किसान 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकेंगे।

18 फसलें और कई फल होंगे शामिल

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में गेहूं, मक्का, दलहन, तिलहन और सब्जियों सहित कुल 18 फसलें शामिल होंगी। इसके अलावा आम, लीची, केला, कटहल और अमरूद जैसी फल फसलों को भी योजना में जगह दी गई है।

योजना के तहत फसल क्षति होने पर कृषि लागत के समतुल्य बीमा लाभ उपलब्ध कराने का प्रावधान बताया गया है। साथ ही, बीमित भूमि के क्षेत्रफल की अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की गई है। इससे बड़े जोत वाले किसान भी बीमित क्षेत्रफल के अनुपात में क्षतिपूर्ति प्राप्त कर सकेंगे।

रैयत और गैर-रैयत किसानों के लिए आवेदन की व्यवस्था

योजना के तहत किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारक ऋणी किसान और गैर-ऋणी रैयत किसान बीमा करा सकेंगे। वहीं, गैर-रैयत किसानों को आवेदन के साथ किसान सलाहकार या वार्ड सदस्य से प्रतिहस्ताक्षरित स्व-घोषणा पत्र देना होगा।

इस घोषणा पत्र में बोई गई फसल, खेती का रकबा और जमीन का खाता व खेसरा नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा।

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव के अनुसार, योजना का उद्देश्य फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना और उन्हें नुकसान से उबरने में सहायता करना है। रबी 2026-27 से इसके लागू होने के साथ बिहार के किसानों के लिए फसल बीमा की नई व्यवस्था शुरू होगी।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें