जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, 16 नवंबर से शुरू होगा स्वगणना अभियान
मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में जनगणना 2027 के दूसरे चरण, स्वगणना कार्यक्रम और जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनगणना के दूसरे चरण के प्रशिक्षण, स्वगणना कार्यक्रम और जन-जागरूकता अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्षों ने हिस्सा लिया। बैठक में विभागवार कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
16 नवंबर से शुरू होगा स्वगणना कार्यक्रम-
कार्यशाला में दी गई जानकारी के अनुसार, स्वगणना कार्यक्रम 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इसके बाद जनगणना के दूसरे चरण का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाना है।
स्वगणना के तहत नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों से कहा गया कि इस प्रक्रिया के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके बारे में जान सकें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इसमें भाग ले सकें।
मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसकी सफलता के लिए जरूरी है कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और जिले में तैयार की गई विभागवार कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने जन-जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि पूरी प्रक्रिया सुगम और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
मास्टर ट्रेनर्स ने अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण-
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर्स ने जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया और निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के तरीकों की जानकारी दी।
जिला मास्टर ट्रेनर आशुतोष तिवारी और ऋषभ गुप्ता तथा जिला प्रभारी काजल रानी ने उपस्थित अधिकारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसमें जनगणना की प्रक्रिया को सही तरीके से समझने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप काम करने पर ध्यान दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद-
कार्यशाला में उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सुबोध मिश्रा और जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: टेकारी स्टेट के महल और मंदिर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
बलिया: बजरंग पीजी कॉलेज के खेल मैदान में झाड़ियां और गंदगी, प्राचार्य ने बताई सफाई में देरी की वजह
यूपी में ग्राम प्रधानों का प्रशासक कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।