रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

गुलरिया चीनी मिल के 20वें पेराई सत्र का शुभारंभ, 1.35 करोड़ कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य

खीरी की गुलरिया चीनी मिल में शुक्रवार को विधिवत पूजन के साथ नए पेराई सत्र की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में एसपी ख्याति गर्ग ने किसानों के वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए।

गुलरिया चीनी मिल के 20वें पेराई सत्र का शुभारंभ, 1.35 करोड़ कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य

बलरामपुर समूह की गुलरिया चीनी मिल के 20वें पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ शुक्रवार को दोपहर 12:20 बजे विधिवत पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लखीमपुर खीरी की पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग रहीं। क्षेत्राधिकारी गोला जितेन्द्र सिंह परिहार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मिल के मुख्य महाप्रबंधक योगेश कुमार सिंह और बलरामपुर चीनी मिल्स के उपाध्यक्ष मानव संसाधन पी. संदीप ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक योगेश कुमार सिंह ने किसानों को नए पेराई सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी मिल प्रबंधन सरकार द्वारा निर्धारित राज्य परामर्शित मूल्य (एसएपी) के अनुसार गन्ना मूल्य का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर करेगा। मिल ने इस सत्र में 1 करोड़ 35 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उन्होंने किसानों से साफ-सुथरा और ताजा गन्ना मिल को आपूर्ति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गन्ने में जड़ और अगोला पत्ती नहीं होनी चाहिए। किसानों से गन्ना औने-पौने दामों पर अन्यत्र बेचने के बजाय मिल को आपूर्ति करने और अपना बेसिक कोटा बढ़ाने का भी आग्रह किया, ताकि उन्हें आगे अधिक लाभ मिल सके।

मिल प्रबंधन के अनुसार, पिछले पेराई सत्र में 139.06 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की गई थी और किसानों को 5 अरब 61 करोड़ रुपये से अधिक का शत-प्रतिशत भुगतान किया गया था।

सड़क सुरक्षा के लिए वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी पहल की गई। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग और क्षेत्राधिकारी जितेन्द्र सिंह परिहार ने गन्ना ढोने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए। उन्होंने कहा कि सर्दियों में कोहरे और रात के अंधेरे के दौरान बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। रिफ्लेक्टर लगे होने से वाहन दूर से ही नजर आ सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने किसानों और वाहन चालकों से अपने वाहनों पर अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सावधानी बरतकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम में गन्ना विकास निरीक्षक ज्ञान प्रकाश तिवारी, बीरा समिति सचिव दिनेश चन्द्र यादव, महाप्रबंधक वाणिज्य तुषार अग्रवाल, महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार, महाप्रबंधक इंजीनियरिंग संजय सिंह, अपर महाप्रबंधक प्रोडक्शन राकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक डिस्टलरी विनोद मिश्रा और सहायक महाप्रबंधक मानव संसाधन अखिल कुमार सिंह सहित मिल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नए पेराई सत्र की शुरुआत से क्षेत्र के गन्ना किसानों में उत्साह देखा गया।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें