जालौन में दहेज हत्या के मामले में पति को उम्रकैद, पांच साल बाद आया फैसला
अदालत ने गौरीशंकर को दोषी ठहराते हुए 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। मामले में चार पहिया वाहन और डेढ़ लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप था।
दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता पूजा की मौत के करीब पांच साल पुराने मामले में अदालत ने शनिवार को फैसला सुनाया। अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश चंद्र मोहन चतुर्वेदी की अदालत ने पति गौरीशंकर को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही उस पर 15 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया।
अपर शासकीय अधिवक्ता महेंद्र विक्रम सिंह के अनुसार, जालौन कोतवाली क्षेत्र के धनौरा कला गांव निवासी गौरीशंकर की शादी 10 दिसंबर 2020 को सिंगपुरा गांव निवासी शिवराम साहू की बेटी पूजा से हुई थी। अभियोजन पक्ष का आरोप था कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में चार पहिया वाहन और डेढ़ लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर पूजा को प्रताड़ित किया जाता था।
अभियोजन के मुताबिक, 2 अप्रैल 2021 को दोपहर करीब एक बजे पूजा ने अपनी मां राजकुमारी को फोन कर मारपीट और दहेज की मांग की शिकायत की थी। इसके लगभग एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया था कि पूजा की गला दबाकर हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया गया।
इस मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में नौ गवाह पेश किए। मृतका के परिजनों ने अभियोजन के कथन का समर्थन नहीं किया, जिसके बाद उन्हें पक्षद्रोही घोषित किया गया।
इसके बावजूद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और चिकित्सकीय रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद गौरीशंकर को दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मामले में अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ दोषसिद्धि का आदेश नहीं दिया गया।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।