रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

जालौन में श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाई गई देवोत्थान एकादशी, छठी माता मंदिर में उमड़ी भीड़

नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर गन्ने का मंडप सजाकर भगवान विष्णु की पूजा की गई। महिलाओं ने तुलसी-शालिग्राम विवाह कराया, वहीं छठी माता मंदिर पर मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी।

जालौन में श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाई गई देवोत्थान एकादशी, छठी माता मंदिर में उमड़ी भीड़

नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को देवोत्थान एकादशी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। शाम तक मंदिरों और घरों में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को चार माह के शयन पर गए भगवान विष्णु कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास की समाप्ति और मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है।

गन्ने का मंडप सजाकर की गई पूजा

पर्व पर घरों के आंगन में गन्ने का मंडप सजाया गया। उसके नीचे ठाकुरजी को विराजमान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। बुंदेली परंपरा के अनुसार, पूजा के दौरान ठाकुरजी को आग के पास बैठाकर तपाने की रस्म भी निभाई गई। मान्यता है कि सर्दी की शुरुआत को देखते हुए भगवान को ठंड से बचाने के लिए यह परंपरा निभाई जाती है।

पूजा के बाद परिवार के सदस्यों ने धान डालकर परिक्रमा की और हाथ जोड़कर पारंपरिक बुंदेली प्रार्थना की—

“उठो देव, उठो देव, गुड़ माड़े खाओ, कुंवारिन के ब्याह कराओ, ब्याहन के चलाए कराओ।”

इस प्रार्थना के माध्यम से कुंवारी कन्याओं के विवाह और विवाहित महिलाओं के सुखी दांपत्य जीवन की कामना की गई। घरों के दरवाजों पर दीपक जलाए गए। बच्चों ने पटाखे फोड़े और शाम को ओदबोद का प्रदर्शन भी हुआ।

तुलसी-शालिग्राम विवाह की रस्म निभाई

देवोत्थान एकादशी को प्रबोधनी एकादशी भी कहा जाता है। इस अवसर पर महिलाओं ने घरों में तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया। तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया गया और विवाह की रस्में पूरी कर मंगल गीत गाए गए। कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं ने मंदिरों में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की।

छठी माता मंदिर में लगा मेला

नगर के छठी माता मंदिर में मेले का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर देवी के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। उन्होंने घरों में होने वाले मांगलिक कार्यों के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की।

केसरिया और पीले वस्त्रों में सजी महिलाओं और बच्चियों की मौजूदगी से मेला परिसर में रौनक रही। महिलाओं ने नृत्य और भक्ति गीतों के माध्यम से माता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मंदिर परिसर में लगे झूलों और दुकानों पर बच्चों की चहल-पहल दिखाई दी।

बाजार में गन्ने की रही मांग

देवोत्थान एकादशी के चलते बाजार में गन्ने की बिक्री भी बढ़ी। ग्रामीण क्षेत्रों से किसान ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों में गन्ना लेकर नगर पहुंचे। दिनभर बाजार में गन्ना खरीदने वालों की आवाजाही बनी रही।

इस तरह देवोत्थान एकादशी के अवसर पर जालौन में धार्मिक आस्था के साथ बुंदेली रीति-रिवाजों और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें