जालौन: शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिलाधिकारी सख्त, ई-रिक्शा संचालन पर बनेगी कार्ययोजना
चौराहों के 50 मीटर दायरे से हटेंगे बैनर-होर्डिंग, प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल के संचालन और ई-रिक्शा के लिए सड़कवार योजना बनाने के निर्देश।
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर यातायात बाधित करने वाले बैनर, होर्डिंग और विज्ञापन सामग्री तत्काल हटवाने को कहा। निर्देश दिए गए कि चौराहों के 50 मीटर के दायरे में बैनर-होर्डिंग न लगाए जाएं और वहां ई-रिक्शा खड़े न होने दिए जाएं। पहले दिए गए निर्देशों का प्रभावी पालन नहीं होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए नगर मजिस्ट्रेट, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और यातायात पुलिस को सड़कवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता के अनुसार कुछ मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन प्रतिबंधित करने और संबंधित स्थानों पर सांकेतिक बोर्ड लगाने को भी कहा गया। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल के प्रभावी संचालन के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए गए।
सड़कों पर पड़ी बजरी, ईंट, बालू और अन्य निर्माण सामग्री को दुर्घटनाओं का संभावित कारण बताते हुए जिलाधिकारी ने इन्हें तत्काल हटवाने को कहा। साथ ही जिम्मेदार व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बड़े-बड़े गड्ढों की मरम्मत नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सड़क दुरुस्त कराने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर घूमने वाले आवारा गोवंश को पकड़कर संबंधित गौशालाओं में संरक्षित कराने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क सुरक्षा के तहत मुख्य चिकित्साधिकारी को समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने को कहा गया। इन शिविरों में बस, ट्रक, चार पहिया और दो पहिया वाहन चालकों की आंखों की जांच, शुगर टेस्ट सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाएंगे। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने रॉन्ग साइड वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने और हेलमेट व सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, एआरटीओ प्रशासन सौम्या पाण्डेय, एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।