रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

जालौन: कुएं में मिला 38 वर्षीय युवक का शव, 12 तारीख से था लापता

माधौगढ़ के इंदिरा नगर निवासी सोवरन दोहरे का शव रामहेतपुरा गांव के पास कुएं में मिला। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जालौन: कुएं में मिला 38 वर्षीय युवक का शव, 12 तारीख से था लापता

कोतवाली माधौगढ़ क्षेत्र के रामहेतपुरा गांव के पास शनिवार सुबह एक कुएं में 38 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला। शव की पहचान माधौगढ़ नगर के वार्ड नंबर तीन स्थित इंदिरा नगर निवासी सोवरन दोहरे पुत्र माता प्रसाद दोहरे के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को कुएं से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, एक महिला कुएं के पास पशुओं के लिए चारा काट रही थी। इसी दौरान उसकी नजर कुएं में पड़े शव पर पड़ी। शव देखकर वह घबरा गई और गांव पहुंचकर पूर्व प्रधान प्रयाग नारायण को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी माधौगढ़ विनोद कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक महादेव और उपनिरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों कुंज बिहारी, ब्रजकिशोर, जगबीर सिंह, जीवन कांति और गोविंद चौहान ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को कुएं से बाहर निकाला।

परिजनों के मुताबिक, सोवरन की शादी करीब 14 वर्ष पहले रानी देवी से हुई थी। उनके परिवार में दो बेटियां अशका और जानवी तथा दो बेटे पीयूष और आर्यन हैं। सोवरन और उनकी पत्नी मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे।

पत्नी ने बताया कि सोवरन को शराब पीने की आदत थी और इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। वह कई बार घर से चले जाने की बात कहकर निकल जाता था। परिजनों को उम्मीद रहती थी कि नशा उतरने के बाद वह वापस लौट आएगा।

परिजनों के अनुसार, सोवरन 12 तारीख से घर नहीं लौटा था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला तो कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शनिवार सुबह कुएं में शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया। पत्नी और बच्चों सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें