कालपी समाधान दिवस में पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण, एक घंटे में सुधारी खतौनी की त्रुटि
जिलाधिकारी समीर ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। मौके पर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाकर दिया गया और राम सजीवन की खतौनी में नाम की गलती सुधारी गई।
कालपी तहसील के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में कुछ शिकायतों पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की। मोहल्ला जुनेदपुर निवासी एकतार ने दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बन पाने की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाकर शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराया गया।
इसी तरह राम सजीवन ने अपनी खतौनी में नाम की गलती की शिकायत की। उन्होंने बताया कि अभिलेख में उनका नाम 'राम सजीवन' के स्थान पर 'राम जीवन' दर्ज हो गया है। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद करीब एक घंटे के भीतर खतौनी में नाम की त्रुटि ठीक कर संशोधित खतौनी शिकायतकर्ता को दे दी गई।
उदलपुरा निवासी तारा देवी ने विद्युत विभाग से जुड़ी समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से उन्हें बिजली का बिल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण वह समय पर बिल जमा नहीं कर पा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित एसडीओ को तत्काल कार्यालय भेजकर बिजली बिल की प्रति शिकायतकर्ता तक पहुंचाने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए और प्रत्येक मामले का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, क्षेत्राधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनएच प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।