पूसा के उमा पांडेय महाविद्यालय में आइसा का चौथा सम्मेलन, रंजन अध्यक्ष और सोनू सचिव निर्वाचित
सम्मेलन में 21 सदस्यीय कॉलेज इकाई कमेटी का गठन किया गया। वक्ताओं ने पीजी की पढ़ाई शुरू कराने, नियमित कक्षाओं और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई।
पूसा प्रखंड स्थित उमा पांडेय महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की कॉलेज इकाई का चौथा सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में छात्र-छात्राओं से जुड़े शैक्षणिक मुद्दों, शिक्षा और रोजगार के अधिकार तथा महाविद्यालय की बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान 21 सदस्यीय कॉलेज इकाई कमेटी का गठन भी किया गया।
सम्मेलन का पर्यवेक्षण आइसा जिला उपाध्यक्ष दीपक यदुवंशी ने किया। अध्यक्षता आइसा नेत्री अनु कुमारी ने की, जबकि संचालन कॉलेज इकाई सचिव रंजन कुमार ने किया।
शिक्षा और छात्र अधिकारों के मुद्दे उठे
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए भाकपा-माले के प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि आइसा छात्र-छात्राओं की शिक्षा, शैक्षणिक सुविधाओं और अधिकारों से जुड़े सवालों पर लगातार संघर्ष करता रहा है। उन्होंने नई शिक्षा नीति-2020 का विरोध करते हुए कहा कि शिक्षा को आम जनता की पहुंच से दूर करने वाली नीतियों के खिलाफ छात्र आंदोलन को मजबूत करने की जरूरत है।
मुख्य अतिथि समाजशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार यादव ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक चेतना और बेहतर समाज के निर्माण का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टिकोण और सामाजिक सरोकार विकसित करने की अपील की। साथ ही अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए सकारात्मक पहल करने को कहा।
इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के जिला सचिव सह आइसा प्रखंड प्रभारी रौशन कुमार ने नई शिक्षा नीति-2020 और महाविद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं होने, शिक्षकों की कमी, बुनियादी सुविधाओं के अभाव और जर्जर शैक्षणिक ढांचे का असर विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षा के नाम पर शुल्क वसूली के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत भी बताई।
रौशन कुमार ने उमा पांडेय महाविद्यालय में अगले शैक्षणिक सत्र से सभी विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने, नियमित कक्षाएं संचालित करने तथा पेयजल, पुस्तकालय और प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग उठाई। उन्होंने छात्र-नौजवानों से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के सवालों पर संगठित होकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "हम Gen-Z का नया हिंदुस्तान बनाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अधिकार के लिए आंदोलन तेज करेंगे।"
सम्मेलन के पर्यवेक्षक दीपक यदुवंशी ने महाविद्यालय को मॉडल कॉलेज बनाने, अगले शैक्षणिक सत्र से सभी विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने और शिक्षा व रोजगार के अधिकार सुनिश्चित करने के लिए छात्र आंदोलन तेज करने की बात कही। उन्होंने नवनिर्वाचित कमेटी को बधाई देते हुए छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की उम्मीद जताई।
रंजन अध्यक्ष और सोनू सचिव निर्वाचित
सम्मेलन में गठित 21 सदस्यीय कॉलेज इकाई कमेटी में रंजन कुमार को अध्यक्ष और सोनू कुमार को सचिव चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर अनु कुमारी, कनिष्क कुमारी और अनामिका कुमारी निर्वाचित हुईं। वहीं, सह-सचिव पद पर प्रिया कुमारी, मनीषा कुमारी और मुस्कान कुमारी को जिम्मेदारी दी गई।
कमेटी सदस्यों के रूप में सुमन कुमारी, प्रिया सुमन, राजा कुमार, अभिनंदन कुमार, खुशी कुमारी, जुली कुमारी, बिट्टू कुमार, मोहम्मद शमीम, जब्रा प्रवीन, तनु कुमारी, नंदनी कुमारी, कविता कुमारी और कंचन कुमारी चुनी गईं।
सम्मेलन में बीआरबी कॉलेज के उपाध्यक्ष सौरव कुमार, संतोष कुमार, मनीष कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
राष्ट्रीय और जिला सम्मेलन के पोस्टर जारी
कार्यक्रम के अंत में 28 से 30 नवंबर तक नागपुर में आयोजित होने वाले आइसा के राष्ट्रीय सम्मेलन और 23 नवंबर को समस्तीपुर में होने वाले आइसा जिला सम्मेलन का पोस्टर महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर जारी किया गया।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले


पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।