शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
रायबरेली: टेकारी स्टेट के महल और मंदिर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

रायबरेली में सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, अवैध कट बंद कराने और ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें अवैध कट बंद कराने, राजमार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने और कोहरे के मौसम से पहले सुरक्षा इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए।

रायबरेली में सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, अवैध कट बंद कराने और ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजमार्गों पर अवैध रूप से बनाए गए कटों को चिन्हित कर तत्काल बंद कराया जाए। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर प्रवर्तन कार्रवाई प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए।

प्रमुख चौराहों और मार्गों को सुरक्षित बनाने पर जोर

डीएम ने कहा कि जिले के प्रमुख चौराहों को यातायात की दृष्टि से सुरक्षित और सुगम बनाया जाए, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।

उन्होंने सर्दियों में कोहरे और धुंध से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी श्रेणी के मार्गों और पुलियों पर सुरक्षा संकेतक लगाने का काम शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। इनमें साइनेज, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, कैट आई, सफेद पट्टियां और रिफ्लेक्टर शामिल हैं। इसके अलावा वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश

बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार और दुर्घटना निवारण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए चिन्हित स्थानों पर समयबद्ध तरीके से सुधार कार्य कराए जाएं। बैठक का उद्देश्य जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन के लिए सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना रहा।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें