रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

दिन में गर्मी, रात में ठंड से बढ़ रहीं मौसमी बीमारियां, डॉ. एलपी सोनकर ने दी सावधानी बरतने की सलाह

रायबरेली के जगतपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. एलपी सोनकर ने बदलते मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार और दस्त से बचाव के लिए खानपान, साफ-सफाई और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की।

दिन में गर्मी, रात में ठंड से बढ़ रहीं मौसमी बीमारियां, डॉ. एलपी सोनकर ने दी सावधानी बरतने की सलाह

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। दिन में गर्मी और रात में ठंड के कारण सर्दी, जुकाम, खांसी, वायरल बुखार और दस्त जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को खानपान और दिनचर्या के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।

जगतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक डॉ. एलपी सोनकर ने बताया कि बदलते मौसम में शरीर को तापमान के उतार-चढ़ाव के अनुसार ढलने में परेशानी हो सकती है। इसलिए इस दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।

सुबह और रात में ठंड से बचें

डॉ. सोनकर ने सलाह दी कि सुबह और रात के समय तापमान कम होने पर गर्म कपड़े पहनें। दिन में तापमान बढ़ने पर भी शरीर को अचानक ठंडे वातावरण के संपर्क में लाने से बचें। उन्होंने ठंडे पानी के स्थान पर गुनगुना पानी पीने और कोल्ड ड्रिंक, बर्फ तथा अन्य ठंडी चीजों का सेवन कम करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि भोजन में ताजा और पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और नियमित अंतराल पर पर्याप्त पानी पीते रहें।

साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यान

मौसमी संक्रमण से बचाव के लिए साफ-सफाई को जरूरी बताते हुए डॉ. सोनकर ने लोगों से भोजन करने से पहले और बाहर से घर लौटने के बाद साबुन से हाथ धोने की अपील की। उन्होंने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और बासी भोजन से परहेज करने की सलाह भी दी।

लगातार बुखार या दस्त होने पर डॉक्टर से लें सलाह

डॉ. सोनकर ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, खांसी, जुकाम या दस्त की शिकायत हो तो खुद से दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बदलते मौसम में थोड़ी सावधानी, संतुलित खानपान और बेहतर दिनचर्या अपनाकर मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें