समस्तीपुर: 1.68 करोड़ की लागत से बने जितनी पोखर छठ घाट का उद्घाटन, डीएम ने लिया अन्य घाटों का जायजा
विभूतिपुर की महथी दक्षिण पंचायत स्थित एकडारा में छठ घाट का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी और जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संयुक्त रूप से किया। निर्माण में तीन योजनाओं की राशि खर्च की गई।
प्रखंड की महथी दक्षिण पंचायत के पंचदेव स्थान एकडारा स्थित जितनी पोखर पर विभिन्न योजनाओं के तहत 1 करोड़ 68 लाख 85 हजार 479 रुपये की लागत से निर्मित छठ घाट का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी और जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर घाट का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया भोला शंकर दास ने की।
छठ घाट के निर्माण में पंचायत समिति मद से 75,30,287 रुपये, ग्राम पंचायत मद से 24,30,071 रुपये और मनरेगा योजना से 69,22,121 रुपये खर्च किए गए हैं। इन तीनों योजनाओं के तहत कुल 1,68,82,479 रुपये की राशि खर्च हुई है।
डीएम ने छठ घाटों का किया निरीक्षण
उद्घाटन कार्यक्रम से पहले जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने अधिकारियों के साथ सिंघिया घाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी किनारे बोल्डर घाट और महथी दक्षिण पंचायत के एकडारा स्थित जितनी पोखर सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, स्नान के बाद महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा।
मोक्षधाम और शवदाहगृह निर्माण की उठी मांग
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से बूढ़ी गंडक नदी किनारे मोक्षधाम और शवदाहगृह बनवाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार को एक सप्ताह के भीतर संबंधित फाइल पूरी कर भेजने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया।
उद्घाटन समारोह में एसडीओ पूजा कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार, अंचलाधिकारी चंद्रशेखर, समाजसेवी श्याम किशोर कुशवाहा, दिलीप नारायण सिंह उर्फ पप्पू, बीस सूत्री सदस्य मनोज कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता अमरजीत ठाकुर, मुखिया अरुण कुमार महतो, सरपंच अरविंद कुमार और सरपंच प्रतिनिधि राम बहादुर सिंह सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।