समस्तीपुर: पैसे के विवाद में रोहन की हत्या का दावा, दो आरोपी गिरफ्तार; गंगा में शव की तलाश जारी
विभूतिपुर के समर्था गांव से लापता युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शव सिमरिया घाट के पास गंगा नदी में बहाया गया।
बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के समर्था गांव से लापता युवक रोहन कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पैसे के आपसी लेन-देन के विवाद में रोहन की हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सिमरिया घाट के पास गंगा नदी में बहा दिया गया। हालांकि, अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है और उसकी तलाश जारी है।
डीएसपी संजय कुमार सिन्हा के अनुसार, समर्था गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र रोहन कुमार के तीन नवंबर की रात लापता होने की सूचना मिली थी। इस संबंध में विभूतिपुर थाने में कांड संख्या 537/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और रोसड़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, विशेष टीम ने तकनीकी और पारंपरिक अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच की। इसके बाद मुख्य आरोपी सुमन कुमार, निवासी समर्था, विभूतिपुर और पप्पू रजक, निवासी संजात, बेगूसराय को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने रोहन की हत्या करने और शव को गंगा नदी में बहाने की बात स्वीकार की है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह आपसी पैसे का लेन-देन बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रोहन की बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गंगा नदी में शव की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, रोहन के शव की तलाश के लिए सिमरिया घाट के आसपास गोताखोरों और जाल की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, मामले में अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। शव बरामद होने और अन्य साक्ष्य सामने आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
खगड़िया : एक लाख का इनामी अपराधी मिथिलेश महतो पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली
रायबरेली: कस्तूरबा विद्यालय से लापता तीन नाबालिग छात्राएं दो घंटे में बरामद
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।