युवाओं की असली ताकत ज्ञान, संस्कार और विवेक, तभी बनेगा सशक्त समाज और विकसित भारत
युवाओं को धन और दिखावे की दौड़ से आगे बढ़कर ज्ञान, वैज्ञानिक सोच, अनुशासन और सकारात्मक विचारों को जीवन का आधार बनाना होगा। शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत माध्यम है।
आज का युवा देश का भविष्य है। उसके कंधों पर परिवार, समाज और राष्ट्र की जिम्मेदारी है। युवा जिस दिशा में अपने कदम बढ़ाएगा, आने वाला समाज भी उसी दिशा में आगे बढ़ेगा। इसलिए युवाओं को चाहिए कि वे अपनी प्यास धन, दिखावे और भौतिक सुखों तक सीमित न रखें, बल्कि ज्ञान की सरस्वती से अपनी प्यास बुझाएं। क्योंकि ज्ञान ही वह शक्ति है, जो मनुष्य को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है।
मां सरस्वती केवल विद्या की देवी नहीं, बल्कि बुद्धि, विवेक, कला, संस्कार और सकारात्मक सोच की प्रतीक हैं। उनकी वीणा हमें जीवन में संतुलन का संदेश देती है, पुस्तक ज्ञान की महत्ता बताती है और श्वेत वस्त्र पवित्रता तथा सरलता का प्रतीक हैं। मां सरस्वती की आराधना का वास्तविक अर्थ केवल पूजा करना नहीं, बल्कि अपने जीवन में ज्ञान, अनुशासन और सदाचार को अपनाना है।
आज अनेक युवा गलत संगत, नशे, निराशा, बेरोजगारी और सोशल मीडिया की चकाचौंध में अपना कीमती समय गंवा रहे हैं। कुछ युवा बिना लक्ष्य के जीवन जी रहे हैं, तो कुछ छोटी-छोटी असफलताओं से निराश होकर अपनी क्षमता पर विश्वास खो देते हैं। ऐसे समय में उन्हें जरूरत है सही मार्गदर्शन, आत्मविश्वास और सकारात्मक विचारों की।
युवाओं को समझना होगा कि सफलता का कोई छोटा रास्ता नहीं होता। मेहनत, लगन, ईमानदारी और निरंतर सीखने की आदत ही जीवन को सफल बनाती है। यदि युवा प्रतिदिन कुछ नया सीखने का संकल्प लें, पुस्तकों से मित्रता करें, अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करें तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें, तो उनका भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल हो सकता है।
ज्ञान का अर्थ केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं है। वास्तविक ज्ञान वह है, जो मनुष्य को दूसरों के दुख को समझना, गलत और सही में अंतर करना तथा समाज के लिए उपयोगी कार्य करना सिखाता है। शिक्षित व्यक्ति वही है, जिसके विचारों में विनम्रता, व्यवहार में शालीनता और कर्मों में ईमानदारी हो।
युवाओं को चाहिए कि वे मां सरस्वती के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानें, समय का सदुपयोग करें और कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत न हारें। ज्ञान के साथ संस्कार और शिक्षा के साथ जिम्मेदारी को अपनाएं। आज अमेरिका आगे क्यों है क्या आपने सोचा अमेरिका में सबसे ज्यादा इनोवेशन होते हैं टॉप क्लास की यूनिवर्सिटी अमेरिका में है विज्ञान में या किसी भी क्षेत्र में सबसे ज्यादा नोबेल पुरस्कार अमेरिका के पास आता है वही सबसे ज्यादा किताबें पढ़ी जाती है कुछ लोग अमेरिका को भोग विलास का अड्डा मानते हैं लेकिन सच्चाई यह नहीं सच्चाई यह है की सबसे ज्यादा किताबें पढ़ने वाला देश अमेरिका है इसीलिए वह आगे है।
याद रखिए, जब युवा ज्ञानवान होगा, तभी समाज मजबूत होगा। जब समाज मजबूत होगा, तभी देश प्रगति करेगा।
आइए, हम सभी संकल्प लें कि अपनी प्यास ज्ञान की सरस्वती से बुझाएंगे, अज्ञानता और नकारात्मकता को दूर करेंगे तथा शिक्षा, संस्कार और सद्भाव के रास्ते पर चलकर एक बेहतर समाज का निर्माण करेंगे।
मां सरस्वती का आशीर्वाद तभी सार्थक होगा, जब हमारे ज्ञान से किसी का जीवन रोशन होगा।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
एमएमडी पब्लिक स्कूल में रंगोली और दीप सजावट प्रतियोगिता, शक्ति रेड हाउस रहा अव्वल
न्यू सेंट्रल पब्लिक एकेडमी में दीपावली पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
कानपुर देहात के पांच कस्बों में पटाखा दुकानों का निरीक्षण, एएसपी ने की पैदल गश्त

पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।