दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढही, दो की मौत; मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका
पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है। NDRF, पुलिस और दमकल की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं।
राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे दमकल विभाग को चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। बाद में NDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान गुरुवार सुबह अचानक तीन मंजिला भवन ढह गया। हालांकि, इमारत गिरने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
स्थानीय निवासी मोहम्मद अल्ताफ ने बताया, "मेरा घर इस गली के ठीक बाहर है। एक नई दो-तीन मंजिला बिल्डिंग बन रही थी। जब बिल्डिंग गिरी तो हमें तेज आवाज सुनाई दी। आसपास की दूसरी इमारतों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।"
वहीं, एसओ डीके राय के अनुसार, चावड़ी बाजार में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढही है। मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
हादसे के बाद आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है। बचाव दल मलबे को सावधानीपूर्वक हटाकर अंदर फंसे संभावित लोगों की तलाश कर रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। इमारत गिरने के कारणों और निर्माण कार्य से संबंधित सुरक्षा मानकों की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।